लोगों के सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : Jind
कोरोना संक्रमण के मामले में अप्रैल का महीने पिछले अन्य महीनों की तुलना में काफी भारी साबित हो रहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग को 797 लोगों की रिपोर्ट मिली, जिनमें से 76 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अप्रैल महीने में अब तक 818 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। सात लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को 30 वर्ष की आयु से कम के 25 युवा इसमें शामिल हैं। इसके अलावा जींद के 42, नरवाना के 15, सफीदों के 10, उचाना के छह तथा कंडेला के तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
आरटीपीसीआर लैब प्रभारी डॉ. जेके मान ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण काफी तेज गति से बढ़ रहा है। अप्रैल में संक्रमण की जो गति है, वह पहले कभी नहीं थी। जिस प्रकार से अप्रैल में संक्रमण फैल रहा है वह सितंबर का भी रिकॉर्ड तोड़ देगा। सितंबर में संक्रमण के 1371 मामले सामने आए थे। जबकि अप्रैल में 11 दिनों में ही 818 मामले सामने आ चुके हैं। जिले में अब तक 6666 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 5902 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक जिले में 94 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय जिले में 670 एक्टिव मामले हैं। जिले में पहली बार रविवार को एक साथ 62 लोग संक्रमण से मुक्त हुए हैं। नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में इस समय 51 लोग दाखिल हैं।
बिना मास्क के अस्पताल में प्रवेश नहीं कर सकते लोग
नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. गोपाल गोयल ने कहा कि लोगों को मास्क लगाना जरूरी है। शारीरिक दूरी के नियम का पालन भी करना चाहिए। नागरिक अस्पताल में बिना मास्क लगाए व्यक्ति का प्रवेश बंद कर दिया गया है। मास्क लगाने वाले लोगों को ही अंदर जाने दिया जा रहा है। संक्रमण से छुटकारा पाने के लिए मास्क लगाना सबसे जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्य कर रहा है। प्रतिदिन अधिक से अधिक सैंपल लिए जाते हैं तथा अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जाती है। लोगों को सावधानी बरतनी होगी। सावधानी बरतने से संक्रमण पर अंकुश लगाया जा सकता है।
डॉ. मनजीत सिंह, सिविल सर्जन, जींद।