अमर उजाला ब्यूरो
जींद। केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस आज पांच-छह खेमों में बंटी हुई है। यदि मैं इस समय कांग्रेस में होता तो मेरा भी सातवां खेमा होता। जिस तरह देश की रक्षा करने में हरियाणा नंबर वन है, उसी प्रकार खेलों में भी हरियाणा नंबर पर पहुंच चुका है। हरियाणा के खिलाड़ियों की बदौलत ही आज देश का नाम विदेशों में चमका है। बीरेंद्र सिंह यहां ध्यान महायज्ञ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस में आजकल हर कोई सीएम पद का दावेदार है लेकिन यह केवल चुनाव तक अपने आपको खुश रखने का तरीका है क्योंकि कांग्रेस को सत्ता अब मिलनी ही नहीं हैं। इसलिए अलग-अलग खेमों के मुखिया इस समय अपने समर्थकों के सामने अपने आपको सीएम प्रोजेक्ट कर रहे हैं। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी 29 अप्रैल को दिल्ली में पब्लिक बैठक कर रहे हैं। बैठक में भीड़ जुटाने के लिए उनके नेता पसीना बहा रहे हैं लेकिन यदि भीड़ नहीं पहुंची तो मौसम खराब होने का बहाना बना दिया जाएगा या फिर गर्मी अधिक होने का ढोंग रचा जाएगा। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस समय कांग्रेस को मंथन करने की जरूरत है। पता नहीं कौन सा गुट किसी रंग की पगड़ी पहन ले और उस पर भी कांग्रेस में खींचतान हो जाए। उन्होंने कहा कि देश की सेना में हर छठा अधिकारी हरियाणा से है। इसी प्रकार खेलों में भी हरियाणा ने देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ, एशियाड में गोल्ड लाने वाले खिलाड़ी को एचसीएस की नौकरी मिलेगी। प्री-क्वार्टर फाइनल, क्वार्टर फाइनल या फाइनल वालों को नौकरी और प्रोत्साहन के लिए अवार्ड दिया जाएगा।