फोटो 1 नरवाना। अभ्यर्थियों का साक्षात्कार करते हुए कंपनी प्रतिनिधि। संवाद
नरवाना। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नरवाना में सोमवार को जॉब फेयर एवं कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न ट्रेडों के 100 अभ्यर्थियों ने भाग लिया जिनमें से टेस्ट और साक्षात्कार के आधार पर 70 युवाओं का चयन किया गया।
जॉब फेयर में पांच प्रतिष्ठित कंपनियों कृष्णा मारुति लिमिटेड मानेसर, यूएनओ मिंडा ईवी सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम, याजाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भिवाड़ी, श्रीराम पिस्टन्स एंड रिंग्स लिमिटेड पथरेड़ी (राजस्थान) और आउमोविओ मानेसर ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी ज्ञान और कार्यकुशलता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।
संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी विनीत कुमार और जसबीर सिंह मोर ने बताया कि जॉब फेयर का उद्देश्य आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उनकी योग्यता और तकनीकी कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध करवाना है। संस्थान की ओर से समय-समय पर औद्योगिक इकाइयों को कैंपस प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित किया जाता है, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
संस्थान के प्रधानाचार्य ओमपाल ने चयनित 70 युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को उद्योगों से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्थान का प्रयास है कि अधिक से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।