जींद। सदर थाना सफीदों पुलिस ने कनाडा भेजने का झांसा देकर छह लाख 60 हजार रुपये हड़पने के आरोपी दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कारखाना गांव निवासी रोहताश ने 3 अप्रैल को सफीदों सदर थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि गांव के ही सुखविंद्र ने उसे कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ मिलकर कम खर्च पर गारंटी के साथ युवकों को विदेश भेजने का काम करता है। वह अपने दोस्त गांव आफताबगढ़ निवासी अमृत के पास ले गया। जिस पर दोनों ने गांव उरलाना कलां निवासी जसबीर से बात की। उन्होंने बताया कि वह पक्का एजेंट है, जो सुलखन तथा उसकी पत्नी नीरज के साथ काम करता है।
इस पर उसने आरोपियों को असल दस्तावेज तथा 50 हजार रुपये दे दिए। 10 अप्रैल 2023 तक उसने आरोपियों को छह लाख दस हजार रुपये की राशि और दे दी। बावजूद इसके आरोपियों ने उसे विदेश नहीं भेजा। काफी समय बीत जाने के बाद जब उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने राशि देने से मना कर दिया। सदर थाना सफीदों पुलिस ने रोहताश की शिकायत पर जसबीर, सुलखन, उसकी पत्नी नीरज सैनी, सुखविंद्र, अमृत, जसप्रीत के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुलखन तथा उसकी पत्नी नीरज सैनी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।