हार-जीत के गुणा-भाग में लगे सभी पार्टियों के समर्थक
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। उपचुनाव के बाद मतों की गिनती वीरवार को अर्जुन स्टेडियम में होगी, इससे पहले ही बुधवार को हर पार्टी के समर्थक अपने-अपने हिसाब से जीत-हार का गणित फिट बैठाने में लगे हैं। इसके लिए बूथों पर हुए मतदान को आधार बनाया जा रहा है। जहां जेजेपी व कांग्रेस के समर्थक ग्रामीण क्षेत्र में हुए अधिक मतदान को अपने पक्ष में बता रहे हैं, वहीं भाजपा के समर्थक अधिक मतदान को सरकार की विकास नीतियों पर मोहर बता रहे हैं। बहराल वीरवार दोपहर तक इन सभी अटकलों पर पूूर्ण विराम लग जाएगा। गौरतलब है कि 28 जनवरी को हुए मतदान के बाद से ही सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं। सभी दलों ने जींद की जंग जीतने के लिए पूरी ताकत भी झोंक दी, लेकिन अब जींद का मतदाता किसे अपना समर्थन देता है, वीरवार को ही तय होगा। वैसे लोगों की मूड की बात की जाए तो कांग्रेस, भाजपा व जेजेपी में कांटे की टक्कर मानी जा रही है। वहीं लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी व इनेलो के उम्मीदवार दूसरे दलों का खेल बनाने व बिगाड़ने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि लोगों को चुनाव में बंपर मतदान की उम्मीद थी, लेकिन मतदान महज 75.72 प्रतिशत ही मतदान रहा। जींद विधानसभा के 172774 में से 130831 मतदाताओं ने 21 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला ईवीएम में बंद किया, जो वीरवार सुबह खुलेगा।
पहले राउंड में हो सकती है देरी
मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी और सबसे पहले पोस्टल वोट की गिनती की जाएगी। इसके बाद ईवीएम की गणना शुरू होगी। प्रशासन के अनुमान के अनुसार पहले एक घंटे के रुझान धीमे हो सकते हैं। इसके बाद जैसे ही ईवीएम की गणना शुरू होगी दोपहर 12 बजे तक तस्वीर साफ हो जाएगी। वहीं इस बार वीवीपैट का मिलान भी किया जाएगा, जिससे मतगणना कुछ धीमी रह सकती है।