जींद। गोहाना रोड पर ललित खेड़ा-निडाना गांव के बीच निर्माणाधीन पुलिया के पास संकरा रास्ता होने के चलते दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसके चलते रात करीब तीन बजे यहां जाम लगा गया। पुलिस को सूचना मिलने पर क्रेन की मदद से ट्रकों को यहां से हटवाया गया। इसमें करीब आठ घंटे लग गए और शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे रास्ता साफ हो सका। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वहीं लोगों को रास्ता बदलकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।
जुलाना पुलिस के अनुसार रात करीब तीन बजे एक ट्रक गोहाना की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा जींद की ओर जा रहा था। पुलिया का निर्माण कार्य चलने के कारण रास्ता संकरा था। ऐसे में दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। बीच सड़क जाम लगने के कारण लोगों ने निडाना-ढिगाना- ललितखेड़ा के रास्ते अपने वाहन निकाले तो दूसरी तरफ ललितखेड़ा से पिल्लूखेड़ा के रास्ते लोग अपने गंतव्य तक पहुंचे। दोपहर के समय रास्ता साफ होने के बाद लोगों व प्रशासन ने राहत की सांस ली।