एन्हांसमेंट से राहत के लिए राजनीतिक दबाव बनाएंगे हुडावासी
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। हुडा सेक्टरों में रहने वाले 18 जिलों के लगभग दो लाख लोगों पर 3400 करोड़ रुपये की एन्हांसमेंट डाले जाने के मामले में अब सेक्टर वासियों ने सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने की योजना बनाई है। इसके तहत सेक्टर वासियों ने फैसला लिया है कि नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों का विरोध किया जाएगा। वहीं दस सितंबर को प्रदेशभर के एन्हांसमेंट पीड़ित लोग चंडीगढ़ में विधानसभा का घेराव करेंगे। इसको लेकर रविवार को अर्बन इस्टेट स्थित जाट धर्मशाला में प्रदेशभर के हुडा सेक्टर वासियों की मीटिंग हुई।
बैठक में फैसला लिया गया कि 10 सितंबर को हरियाणा विधानसभा का घेराव कर सरकार से गलत एन्हांसमेंट वापस लेने की मांग की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार के खिलाफ कड़ा फैसला लेते हुए सरकार द्वारा डाली गई यह गलत एन्हांसमेंट नहीं भरने का एकमत होकर फैसला लिया। बैठक में प्रदेश संयोजक यशवीर मलिक ने कहा कि सरकार द्वारा एन्हांसमेंट के नाम पर सेक्टर वासियों से की जा रही लूट की नीति को वह कामयाब नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि इसका विरोध वह आगामी नगर निगम के चुनावों में भाजपा के उम्मीदवारों को हरवाने के लिए 101 सदस्यों की कमेटी बनाएंगे। यह कमेटी सभी नगर निगमों में जाकर भाजपा के प्रत्याशियों का विरोध करेगी। इसके बाद विधानसभा और लोकसभा के चुनावों में भाजपा के खिलाफ इसी तरह से विरोध जताया जाएगा।
नगर निगम चुनावों की तिथि घोषित के बाद पांच कमिश्नर रेंज पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन की शुरूआत हिसार कमिश्नर रेंज से होगी। नगर निगमों में हराने के बाद जींद में एक महा रैली की जाएगी। इसमें भाजपा को विधानसभा में हराने का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गलत एन्हांसमेंट के विरोध में हुडा के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत वह 10 सितंबर को चंडीगढ़ में विधानसभा का घेराव करके करेंगे। इस अवसर पर रामनिवास ढिगाना, सतबीर सिंहमार, दिनेश कुमार, मनोज श्योराण, कदम सिंह, सुभाष कपूर, बलजीत सिंह, बलजीत सिंह, राजेंद्र राठी, शिव कुमार, कदम सिंह, राके जून, रामकुमार, राजेंद्र मौजूद रहे।