सांसद राजकुमार सैनी की रैली पर प्रशासन सतर्क
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। उपमंडल प्रशासन द्वारा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तमाम ऐहतिहाती पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए उपमंडल में सुरक्षा एवं शांति की स्थिति पर नजर रखने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। यह प्रबंध भाजपा सांसद राजकुमार सैणी के जींद में प्रस्तावित कार्यक्रम के मध्य नजर किए गए हैं। ताकि क्षेत्र में किसी भी अप्रिय एवं अनहोनी घटना से निपटा जा सके और संपत्ति एवं जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। यह जानकारी उपमंडल अधिकारी नागरिक डॉ. किरण सिंह ने स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में बुलाई गई बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए दी।
बैठक में तहसीलदार बाल किशन द्विवेदी, एसएचओ शहर जगबीर सिंह, एसएचओ सदर हरिओम, एसएमओ डॉ. देवेन्द्र कुमार बिंदलिस, एसडीओ कृषि, जन स्वास्थ्य, बिजली विभाग, सचिव मार्केट कमेटी सहित सभी अधिकारी एवं उपमंडल के सभी सरपंच, नंबरदार, पटवारी तथा ग्राम सचिव मौजूद रहे। डॉ. किरण सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उक्त कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में पेयजल व बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहने चाहिए।
इसके अलावा फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, जेसीबी और क्रेन की व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि मौके पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में शांति पूर्वक तरीके से प्रदर्शन धरना और जनसभा करने का सभी को अधिकार है और इस प्रकार के कार्यक्रमों का किसी भी संगठन या संस्था द्वारा रोड़ जाम करने जैसे अप्रजातांत्रिक तरीकों से विरोध करना सीधा कानून की उल्लघंना है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों को अपने मोबाइल इस अवधि के दौरान खुले रखने के लिए भी कहा। उन्होंने अधिकारियों को आगामी आदेशों तक मुख्यालय पर रहने के भी आदेश दिए।
फोटो कैप्शन
25जेएनडी 21 : अधिकारियों की बैठक को संबोधित करती एसडीएम किरण सिंह।