उचाना स्टेशन पर एक्सप्रेस गाड़ियों का शनिवार और रविवार को होगा ठहराव
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। उचाना में चल रहे एसएस जैन सभा के चातुर्मास के चलते भारतीय रेल ने शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चार गाड़ियों के ठहराव को मंजूरी दी है। गौरतलब है कि जैन सभा के कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस पर एसएस जैन सभा ने रेलवे से उचाना में ट्रेनों के ठहराव का अनुरोध किया था।
एसएस जैन सभा के महामंत्री दयानंद जैन ने बताया कि उनके अनुरोध पर रेलवे ने 15, 16, 21 व 22 सितंबर को छिंदवाड़ा एक्सप्रेस का रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया है। जैन समाज द्वारा दिल्ली रेलवे के उच्च अधिकारियों से यहां चातुर्मास के दौरान एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी। दिल्ली की तरफ जाने वाली छिंदवाड़ा एक्सप्रेस गाड़ी नंबर 14626 सुबह 8:49 व दिल्ली की तरफ से आने वाली गाड़ी नंबर 14625 सुबह 9:35 बजे उचाना रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। इसी प्रकार अवध आसाम एक्सप्रेस भी दिल्ली से उचाना होते हुए पंजाब की तरफ जाते समय शाम को 7:30 पर स्टेशन पर रुकेगी। 16 व 23 सितंबर को सुबह 6:41 पर पठानकोट एक्सप्रेस का भी ठहराव होगा। यह पठानकोट से चलकर पंजाब से होते हुए दिल्ली जाएगी।