जिला भर में बरसे बदरा, नरवाना में 56 एमएम बारिश
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जिलेभर में सोमवार को जोरदार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन ओर तेज बारिश की संभावना है, सोमवार तापमान में गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान 32 डिग्री न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा बारिश नरवाना में हुई। नरवाना में 56 एमएम बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण जिलेभर की सड़कों पर जलभराव की समस्या रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तेज बारिश से किसानों की धान की फसल को काफी फायदा होगा। वहीं नरवाना क्षेत्र में करीब आधा घंटा बारिश हुई जिससे पूरा शहर जलमग्न हो गया जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चे भीग कर और भारी किल्लत के बाद घरों तक पहुंचे। ओल्ड कोर्ट रोड की सड़क पर नहर की तरह पानी चला जिससे अनेक दुकानों में पानी घुस गया। वाहनों के आने जाने से दुकानदारों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी हुई। शहर में करीब आधा घंटा बारिश हुई जिससे शहर के सभी क्षेत्रों की सड़कों और गलियों में जलभराव होने से नागरिक परेशान रहे। इसी समय स्कूलों की छुट्टी भी हो गई। बच्चों को ढाई तीन फुट पानी से गुजर कर घर पहुंचना पड़ा।
कहां कितनी बारिश
ब्लॉक बारिश एमएम
जींद 19
नरवाना 56
उचाना 06
सफीदों 05
पिल्लूखेड़ा 05
अलेवा 05
जुलाना --
बारिश के लिए सुबह किया हवन, दोपहर को शुरू हुई बारिश
उचाना। कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे क्षेत्र के लोगों का इंतजार दोपहर को खत्म हुआ। दोपहर को क्षेत्र में बारिश होने से लोगों को गर्मी से निजात मिली तो फसलों को भी फायदा बारिश से होगा। सुबह कपास मंडी में आढ़तियों द्वारा चंदा एकत्रित करके बारिश की भगवान से कामना के लिए हवन करवाया गया। हवन के बाद लगाए गए भंडारा के समय दोपहर को बारिश शुरू हो गई है। दी फूड ग्रेन डीलर एसोसिएशन प्रधान बलराज श्योकंद ने कहा कि बारिश न होने से लोग गर्मी से परेशान थे तो फसलों को भी बारिश न होने से नुकसान हो रहा है। आढ़तियों से चंदा एकत्रित करके किए गए हवन के बाद इंद्र देवता प्रसन्न हुए। दोपहर को ही बारिश शुरू हो गई है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
सरकारी स्कूल गतौली में भरा पानी, अध्यापक और छात्र परेशान
जुलाना। गतौली गांव के राजकीय कन्या पाठशाला में पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने के कारण सोमवार को हुई बारिश के कारण फिर से पानी भर गया। इसके अलावा गांव का गंदा पानी भी स्कूल में आता है। स्कूल में पानी भरने के कारण छात्र एवं अध्यापक परेशान हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद भी स्कूल में पानी की समस्या का हल नहीं हो रहा है।
सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने के लाख दावे कर रही है मगर उनके दावे जुलाना ब्लॉक के गतौली गांव की राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला में भरा पानी खोखला साबित कर रहा है। सरकारी स्कूल का लेवल नीचा होने और पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने के कारण स्कूल में पानी जमा हो जाता है। पानी के कारण छात्र एवं अध्यापक परेशान हैं। गांव की गलियों गंदा पानी भी स्कूल में जमा होता है। यह गंदा पानी बदबू मारता रहता है जिसके कारण अध्यापकों का पढ़ाना और छात्रों को पढ़ना मुश्किल हो रहा है। पानी निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने के कारण थोड़ी सी बरसात में ही स्कूल में पानी जमा हो जाता है। अध्यापकों ने बताया कि पानी जमा होने के कारण पानी निकासी का रास्ता नहीं होना है। कुछ लोगों ने यह रास्ता बंद कर रख है। छात्रों को पानी से गुजर कर स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। अध्यापकों और छात्रों ने स्कूल का पानी निकलवाने की मांग प्रशासन से की है।
स्कूल में जमा पानी की निकासी नहीं हो पाती है जिसके कारण स्कूल में पानी खड़ा रहता है। सोमवार को बारिश हुई और स्कूल में पानी जमा हो गया। पानी निकालने का कोई रास्ता नहीं है। पानी के कारण बच्चों एवं अध्यापकों को अनेक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मनीराम, मुख्य शिक्षक राजकीय प्राथमिक स्कूल गतौली।
स्कूल में पानी निकासी का रास्ता बंद पड़ा है। निकासी का रास्ता नहीं होने के कारण स्कूल में पानी जमा हो जाता है। गांव के पानी निकासी का रास्ता कुछ लोगों ने रोक रखा है। रास्ता को खुलवाने का प्रयास किया जाएगा और जल्द ही स्कूल का पानी निकाला जाएगा। मुकेश देवी, सरपंच गतौली।