जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि कृषि तथा किसान कल्याण विभाग फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक किसान www.agriharyana.gov.in पोर्टल पर 4 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत किसान को सुपरसीडर तथा बेलिंग यूनिट (स्ट्रॉ बेलर, रेक तथा स्लेसर) पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। योजना में केवल वहीं किसान पात्र होंगे, जिन्होंने मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रबी सीजन एवं खरीफ-2024 के दौरान पंजीकरण किया हुआ होगा। एक परिवार पहचान पत्र से केवल एक ही किसान आवेदन कर सकता है। सहायक कृषि अभियंता विजय कुमार ने बताया कि आवेदन के लिए वैध आरसी, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, जो एमएफएमबी में दर्ज हो, फसल अवशेष न जलाने की शपथ व किसान के पिछले तीन साल में उसी मशीन पर किसी विभागीय अनुदान का लाभ न लिया होना शामिल है। उन्होंने बताया कि आवेदक किसानों की वरीयता सूची ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से जिलास्तरीय कार्यकारी कमेटी ने उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा की अध्यक्षता में बनाई जाएगी। निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार चयनित किसानों को पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेजों की प्रति सहायक कृषि अभियंता कार्यालय में जमा करवानी होगी। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए सहायक कृषि अभियंता कार्यालय, रोहतक रोड, बाईपास, जींद में संपर्क स्थापित किया जा सकता है।