जींद। जींद डिपो में पांच और नई एसी बसें शामिल हो गईं हैं। शुक्रवार देर शाम डिपो में आई पांच बसों में से एक-एक बस को सफीदों और नरवाना उपकेंद्र में भेजे जाने को लेकर रोडवेज अधिकारी विचार विमर्श कर रहे हैं। इन उपकेंद्रों पर एसी बसें भेजी जाती हैं तो यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
पिछले दिनों आई 5 एसी बसें गुरुग्राम व चंडीगढ़ रूट पर चलाया जा रहा है। शुरू में आई पांच नई एसी बसों को 16 अगस्त को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा व रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था। पांच में से तीन बसें चंडीगढ़ और दो बसें गुरुग्राम रूट पर चल रही हैं।
जींद डिपो में लगभग 170 साधारण बसें हैं। इनमें एक भी एसी बस नहीं थी। यात्रियों की ओर से लंबे रूटों पर एसी बसों की डिमांड की जा रही थी। जींद से चंडीगढ़, दिल्ली व गुरुग्राम के अलावा हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, पांवटा साहिब, सालासर, बालाजी, अमृतसर और लुधियाना जैसे लंबे रूटों पर भी साधारण बसें ही जा रही हैं।
इन रूटों पर यात्रियों के लिए गर्मी के मौसम में एसी बस की जरूरत महसूस की जा रही थी। जींद डिपो प्रबंधन ने भी 10 एसी बसों की डिमांड मुख्यालय भेजी हुई थी। 15 अगस्त को डिपो के बेड़े में 5 एसी बस मुख्यालय की ओर से भेजी गई थी। वहीं पांच और नई बस 29 अगस्त को आ चुकी हैं।
वर्जनजींद डिपो में पांच और नई एसी बसें आ चुकी हैं। ऐसे में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी। महाप्रबंधक व अन्य अधिकारियों से विचार-विमर्श कर नई बसों का रूट निर्धारित किया जाएगा। पांच नई बसें जो आई हैं उसमें से एक-एक बस सफीदों और नरवाना उपकेंद्र में भेजने के बारे में महाप्रबंधक से विचार विमर्श होगा। जल्द ही बसें ऑनरूट होंगी।
जसमेर खटकड़, डीआई बस स्टैंड जींद