जींद। मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने जींद के रानी तालाब पर सेल्फी प्वाइंट बनाया है। प्रशासन ने तय किया है कि जो व्यक्ति यहां शानदार सेल्फी लेगा उसे बेस्ट सेल्फी अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। बेस्ट सल्फी का चयन करने के लिए एक कमेटी बनाई गई है। एडीसी एवं स्वीप कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. मुनीष नागपाल ने सोमवार को हरियाणा प्रदेश के इस पहले मतदाता जागरूकता सेल्फी प्वाइंट का शुभारंभ किया। इस दौरान जुलाना विधानसभा क्षेत्र के सभी चुनाव अधिकारियों के साथ सेल्फी ली। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन द्वारा कई गतिविधियां भी शुरू करवाई जाएंगी। स्कूलों में मतदान विषय पर प्रश्नोत्तरी, रंगोली, भाषण लेखन समेत कई अन्य प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी हैं।
बेस्ट सेल्फी के चयन के लिए किया तीन सदस्यीय कमेटी का गठन
एडीसी ने बेहतर सेल्फी के चयन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। बेहतर सेल्फी का चयन अच्छे स्लोगन के आधार पर किया जाएगा। सेल्फी तथा नारे के दस-दस अंक निर्धारित किए गए हैं। मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जल्द ही हस्ताक्षर अभियान भी शुरू करवाया जाएगा।
सेल्फी लेने के लिए युवाओं में दिखा उत्साह
सेल्फी प्वाइंट खुलते ही लोगों ने इस प्वाइंट पर आकर सेल्फी लेना शुरू कर दिया। सेल्फी लेने वालों में युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। शुरूआती दो घंटे में सैकड़ों लोगों ने इस सेल्फी प्वाइंट पर आकर सेल्फी ली और बेस्ट सेल्फी अवॉर्ड पाने के लिए मोबाइल नंबर 9416284041, 8607329641 तथा 9729381066 नंबरों पर व्हाट्सएप किया।