जाट धर्मशाला में जुटी कई राज्यों की खाप पंचायतें
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। अर्बन इस्टेट स्थित जाट धर्मशाला में सामाजिक बुराइयों, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट, सगोत्र विवाह, विधायक और सांसद की तर्ज पर सरपंचों की पेंशन तथा 42 वर्ष की आयु के बाद किसान की पांच हजार रुपये पेंशन की मांग को लेकर कई राज्यों की खाप पंचायतों ने सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। इन मांगों का ज्ञापन फैक्स के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी को भेजने का भी फैसला लिया। इसके अतिरिक्त जन कल्याण मंच का गठन किया गया। इस दौरान पालम 360 खाप के प्रधान रामकरण सिंह सोलंकी को संयोजक और टेकराम कंडेला को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया।
इस दौरान विभिन्न राज्यों से आए खाप प्रतिनिधियों को जन कल्याण मंच के पदाधिकारी मनोनीत किए गए। इस मौके पर दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से विभिन्न खापों और किसान नेताओं ने मंच से लोगों को संबोधित किया। खाप प्रधानों ने अपने-अपने राज्यों में किसानों की कर्ज माफी, 42 साल के बाद किसान की पांच हजार रुपये पेंशन, मृत्यु भोज बंद करना, किसानों के कर्ज माफ करना, केंद्र सरकार से स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाना, जींद जिले में ऐसा उद्योग लगाना जिसमें जिले के 10 हजार युवाओं को रोजगार मिले, पूर्व सरपंचों को विधायक और सांसद की तर्ज पर तीन हजार रुपये पेंशन लागू करना, हिंदू मैरिज एक्ट में बदलाव और एक गांव और गोत्र में शादी पर रोक लगवाने, गांव और शहरों में गंदे पानी की उचित निकासी की मांग तथा देश में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए लड़ाई लड़ने का फैसला लिया। इसमें विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने एकमत होकर सरकार के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ने का फैसला किया। जन कल्याण मंच के राष्ट्रीय प्रधान टेकराम कंडेला ने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर पीएम को ज्ञापन का फैक्स किया जाएगा। इन मांगों को जल्द लागू करने की अपील की जाएगी। अगर सरकार ने जन कल्याण मंच की इन मांगों पर शीघ्र कोई निर्णय नहीं लिया तो जन कल्याण मंच की कार्यकारिणी की बैठक लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन दिल्ली के जंतर-मंतर पर किया जाएगा।