रोडवेज कर्मचारियों पर कार्रवाई के विरोध में कल दो घंटे प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। मंगलवार को रोडवेज कर्मचारियों द्वारा की गई हड़ताल के चलते सरकार द्वारा तीन कर्मचारियों को नोटिस दिए जाने पर कर्मचारियों की तालमेल कमेटी ने रोष पाया जा रहा है। कमेटी की प्रदेश स्तरीय मीटिंग बुधवार को रोडवेज वर्कशॉप मंदिर में हुई। इस दौरान तय हुआ कि कर्मचारियों को नोटिस देने के विरोध में शनिवार को प्रदेशभर में डिपो स्तर पर दो घंटे तक रोष प्रदर्शन करने के बाद डिपो महाप्रबंधकों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संयुक्त संघर्ष समिति की मीटिंग इंद्र सिंह बधाना व बीरेंद्र धनखड़ की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हड़ताल से प्रदेश सरकार बौखला गई है। इसके चलते ही सरकार ने विभाग में नए भर्ती हुए चालकों को सेवा समाप्ति के नोटिस दिए हैं। रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार की इस कार्रवाई को गंभीरता से लिया है। इंद्र सिंह बधाना ने कहा कि इसके खिलाफ शनिवार को प्रदेश के सभी डिपो में दो घंटे प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान डिपो स्तर पर महाप्रबंधकों को महानिदेशक के नाम ज्ञापन सौंपकर उत्पीड़न की कार्रवाई बंद करने की मांग की जाएगी। रोडवेज वर्कर्स यूनियन के नेता धर्मबीर हुड्डा ने कहा कि रोडवेज कर्मी किसी भी सूरत में अपनी एकता को नहीं टूटने देंगे। यदि सरकार ने 10 अगस्त के विरोध प्रदर्शनों के बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं किया तो जल्द ही बड़े आंदोलन का फैसला लिया जाएगा।