अमर उजाला ब्यूरो
जींद। शिक्षा विभाग में बहुउद्देशीय कर्मचारी के तौर पर एक निजी कंपनी से नियुक्ति पत्र लेकर करीब आधा दर्जन युवा सोमवार सुबह जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां अधिकारियों ने कहा कि उनके पास इस पत्र की कोई जानकारी नहीं है। इस पर युवाओं ने कुछ देर हंगामा किया और फिर लौट गए। इस मामले में युवाओं से सरकार पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि सांसद दुष्यंत चौटाला ने भी शिक्षा विभाग में इस प्रकार के फर्जीवाड़े के आरोप लगाए थे। इसके बाद कुछ युवा शिवा इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी एजेंसी प्राइवेट लि. के लैटर हैड पर शिक्षा विभाग में ज्वाइनिंग पत्र लेकर कुछ लोग शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचे। युवाओं ने बताया कि कंपनी ने उन्हें चंडीगढ़ में ज्वाइनिंग की प्रक्रिया करवाई और ज्वाइनिंग लैटर जारी किए, लेकिन शिक्षा विभाग में इस प्रकार की ज्वाइनिंग की जानकारी होने से ही मना कर दिया।
युवा एक पत्र लेकर कार्यालय आए थे, लेकिन विभाग के पास इस प्रकार की कोई सूचना नहीं है। ऐसे में उम्मीदवारों को ज्वाइन नहीं करवाया जा सकता और उन्हें वापस भेज दिया गया है। जिला स्तर पर इस प्रकार की प्रक्रिया नहीं है।
-सत्यवती नांदल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।