फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज कंडेला गांव में होगा गैंगस्टर राजेश भारती का अंतिम संस्कार

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

जींद। तीन दिन पहले दिल्ली पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर राजेश भारती के शव को लेने मंगलवार को गांव के सरपंच, चाचा व भाई समेत गांव के छह लोग दिल्ली पहुंचे। भारती के शव का देर शाम तक पोस्टमार्टम होने के कारण शव को अब बुधवार को गांव में लाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बताते चलें कि राजेश भारती के शव की पहचान करवाने व शव सौंपने के सिलसिले में दिल्ली पुलिस के एएसआई सतीश कुमार सोमवार को गांव कंडेला पहुंचे थे। एएसआई के सामने उसका शव लेने से परिजनों ने इंकार कर दिया था। भारती के चाचा राममेहर ने इसके बाद एएसआई को कहा था कि वह ग्रामीणों से बातचीत के बाद इस बारे में निर्णय लेंगे और उनको फोन पर सूचित कर देंगे। मंगलवार सुबह कंडेला गांव के मौजिज व्यक्तियों की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया कि राजेश जैसा था, उसका अंतिम संस्कार गांव में ही होना चाहिए। इसके बाद मंगलवार सुबह सरपंच अजमेर, राजेश भारती का चाचा राममेहर, छोटा भाई धर्मबीर व तीन अन्य ग्रामीण शव की पहचान करने व लेने के लिए दिल्ली पहुंचे। अजमेर ने कहा कि शाम को राजेश के शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। पोस्टमार्टम में देरी होने के कारण बुधवार को ही शव गांव में लाया जाएगा और उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। दिल्ली के छतरपुर थाना प्रभारी अनिल समोता ने कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। सुबह परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

सिवाहा के गैंगेस्टर कपिल से नहीं मिलने दिया परिजनों को
दिल्ली में हुई मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर राजेश भारती के साथी कपिल जोकि मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गया, उसके परिजन गांव सिवाहा निवासी उससे मिलने दिल्ली पहुंचे लेकिन पुलिस ने परिजनों को कपिल से मिलने नहीं दिया। नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया कि कपिल का पहले कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं रहा और न ही ग्रामीणों को इसके बारे में कुछ पता। वह दिल्ली आता-जाता जरूर था लेकिन अधिकतर समय गांव में ही रहता था। जब उनको पता चला कि कपिल मुठभेड़ में घायल हो गया तो उसके पिता, गांव के सरपंच वेदपाल व अन्य ग्रामीण उससे मिलने के लिए दिल्ली अस्पताल में पहुंचे लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने नहीं दिया। ग्रामीणों की नजर में कपिल एक अच्छा लड़का है। फिर पता नहीं वह मुठभेड़ में कैसे घायल हो गया। ग्रामीण इस मामले की पूरी जांच-पड़ताल करने के लिए दिल्ली पुलिस के उच्चाधिकारियों से मिलेंगे। अमर उजाला टीम ने भी मंगलवार सुबह गांव का दौरा किया लेकिन किसी भी ग्रामीण ने इस बारे में कुछ भी बताने से मना कर दिया। केवल इतना पता चला कि कपिल के घर में उसके माता-पिता, पत्नी व एक लड़का व लड़की हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें