फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद के टैक्सी स्टैंड से किराये पर ली खरकरामजी गांव निवासी शमशेर की गाड़ी, चालक की हत्या कर अलेवा बस स्टॉप के पास फेंका शव

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

जींद।
टैक्सी चलाने वाले खरकरामजी गांव निवासी 35 वर्षीय शमशेर की अज्ञात लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी। आरोपियों ने मंगलवार शाम को जींद के टैक्सी स्टैंड से गाड़ी किराये पर ली थी। इसके बाद शाम करीब साढ़े आठ बजे शमशेर का शव अलेवा के बस स्टॉप के पास फेंक दिया। हत्या की सूचना मिलने पर टैक्सी चालकों व शमशेर के परिजनों ने विरोध में शव उठाने से मना कर दिया। इसके बाद एसएसपी डॉ. अरुण सिंह व एसडीएम महावीर प्रसाद ने मौके पर पहुंच कर परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर परिजन शव उठाने को राजी हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में शमशेर के भाई अजमेर ने कहा कि शमशेर टैक्सी चालक का काम करता है। मंगलवार शाम करीब सात बजे टैक्सी स्टैंड पर दो युवक आए और अलेवा के लिए टैक्सी बुक की। इस दौरान 1500 रुपये में सौदा तय हुआ और शमशेर दोनों को लेकर अलेवा के लिए चल पड़ा। रात करीब साढ़े आठ बजे कुछ लोगों ने अलेवा के बस स्टॉप के पास गाड़ी से शव फेंकते हुए देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन अंधेरे के कारण गाड़ी का नंबर नहीं देख पाए। ऐसे में गाड़ी सवार लोग फरार हो गए। रात को ही पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, लेकिन मरने वाले युवक की पहचान नहीं हो पाई। सुबह सोशल मीडिया पर डाले गए फोटो के बाद युवक की पहचान खरकरामजी गांव निवासी 35 वर्षीय शमशेर के रूप में हुई।
विज्ञापन


पहले आरोपियों की गिरफ्तारी हो
घटना के बाद शमशेर के परिजन व टैक्स चालक नागरिक अस्पताल में एकत्रित हो गए। इन लोगों ने शमशेर की हत्या पर रोष जताते हुए मांग की कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करे और शमशेर के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। इसको देखते हुए एसएसपी डॉ. अरुण सिंह व एसडीएम महावीर प्रसाद मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया। इस पर परिजन शव उठाने को राजी हो गए।

रोहतक साइड की भाषा बोल रहे थे आरोपी
टैक्सी स्टैंड पर गाड़ी रखने वाले चालक प्रदीप, दिनेश व मोहन ने बताया कि गाड़ी की बुकिंग करने के लिए दो लोग आए थे। आरोपी रोहतक साइड की भाषा बोल रहे थे। टैक्सी स्टैंड पर दूसरे गाड़ी वालों से भी उन्होंने डील की, लेकिन शमशेर से उनकी डील फाइनल हो गई। इस दौरान दोनों युवकों ने अलेवा के लिए 1500 रुपये में गाड़ी बुक की।

मुखर्जी नगर में देते हैं कोचिंग
टैक्सी स्टैंड पर गाड़ी बुक करने आए दोनों युवकों ने बताया कि वे मुखर्जी नगर में कोचिंग देते हैं और अलेवा में उन्हें शादी समारोह में जाना है। युवकों ने बताया कि उनका एक साथी पानीपत से आ रहा है और वह अलेवा में ही मिलेगा।

शव को तालाब में फेंकने की फिराक में थे हत्यारे
अलेवा पुलिस के अनुसार हत्या करने वाले युवकों ने गाड़ी को रोक कर तालाब के पास खिड़की खोली। जब ये लोग शव को निकाल रहे थे तो यहां मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। इस पर युवक शव को सड़क किनारे ही छोड़ कर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

शमशेर से हुई बड़ी चूक, अब उलझा मामला
गाड़ी बुक करते समय आरोपियों का पहचान पत्र नहीं लेने की शमशेर की चूक से आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। एसएसपी डॉ. अरुण सिंह के अनुसार समय-समय पर अभियान चलाकर टैक्सी चालकों को न सिर्फ गाड़ी बुकिंग करने वालों का पहचान पत्र लेने, बल्कि एक स्थानीय गारंटर लेने के भी निर्देश दिए जाते हैं। अब पुलिस इस पर सख्ती से काम करेगी।

सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध
पुलिस के अनुसार घटना के दौरान अलेवा चौक की एक दुकान में लगे सीसीटीवी में एक संदिग्ध युवक की तस्वीर कैद हुई हैं। इसमें युवक दुकान से सिगरेट मांग रहा है। इस दुकानदार ने उस ब्रांड की सिगरेट होने से मना कर दिया। इस पर युवक दूसरी दुकान पर चला गया।
विज्ञापन


हालांकि टैक्सी चालक की ओर से लापरवाही हुई है। यदि पहचान पत्र होता तो आरोपियों तक पहुंचाना आसान होता, लेकिन पुलिस लगी हुई है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं, इनके आधार पर पुलिस काम कर रही है।
डॉ. अरुण सिंह, एसएसपी, जींद।
28जेएनडी22: शव लेने पहुंचे परिजन।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें