17जेएनडी15: ग्रामीणों को जागरूक करते हुए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी। स्रोत: कर्मचारी
जींद। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की मुफ्त कनेक्शन नियमित योजना के तहत पेयजल और सीवर कनेक्शन नियमित कराने के लिए उपभोक्ताओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। विभाग की ओर से 30 सितंबर तक कनेक्शन नियमित कराने का अवसर दिए जाने के बाद लोग तेजी से इसका लाभ उठा रहे हैं।
17 सितंबर को जींद शहर में एक ही दिन में 401 उपभोक्ताओं ने अपने पेयजल और सीवर कनेक्शन नियमित कराए। अभियान के तहत जींद शहर में अब तक करीब 4400 कनेक्शन नियमित किए जा चुके हैं।
विभाग के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने बताया कि 10 अगस्त से अभियान शुरू किया गया था। इसके लिए छह टीमें गठित की गई हैं, जो उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने के साथ घर-घर जाकर ऑनलाइन कनेक्शन नियमित कराने का कार्य कर रही हैं। यह अभियान विभाग की मुफ्त कनेक्शन योजना के तहत चलाया जा रहा है।
उपभोक्ताओं को कनेक्शन नियमित कराने के लिए मौके पर कोई राशि नहीं देनी होगी। बाद में बिल के साथ 10 रुपये प्रतिमाह की दर से किस्त जोड़ी जाएगी। पेयजल कनेक्शन के लिए कुल 1000 रुपये और सीवर कनेक्शन के लिए 500 रुपये की राशि इसी किस्त के माध्यम से वसूली जाएगी।
मताना ने बताया कि अभियान शुरू होने के पहले दिन केवल 24 उपभोक्ताओं ने कनेक्शन नियमित कराए थे। इसके बाद विभागीय टीमों द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाने से संख्या बढ़ती गई और अब एक दिन में 401 कनेक्शन नियमित किए गए हैं। जींद के अलावा जुलाना, सफीदों, उचाना और नरवाना में भी टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दे रही हैं।