13जेएनडी27-उचाना नागरिक अस्पताल में दाखिल मरीज। संवाद
उचाना। उचाना के नागरिक अस्पताल में मौसम परिवर्तन का असर दिखाई दे रहा है। अस्पताल में रोजाना 400 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इस समय उल्टी-दस्त के 15 से 20 मरीज भर्ती हैं। डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। बढ़ते तापमान का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। बाहर काम करने वाले लोग भी गर्मी की वजह से बीमार पड़ रहे हैं।
डॉ. शर्मा ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गर्मी से बचाव के लिए पूरे कपड़े पहनें और सिर को ढक कर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। स्वास्थ्य में किसी तरह की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। उल्टी-दस्त की समस्या गर्मी और खानपान की गड़बड़ी से हो रही है। नागरिक अस्पताल में सभी मरीजों का समुचित इलाज किया जा रहा है।