जींद। नरवाना के नवदीप स्टेडियम में 29-30 अप्रैल को 8वीं हरियाणा राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। दो दिवसीय खेल महाकुंभ में प्रदेश के लगभग 400 एथलीट दमखम दिखाएंगे।
एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह और महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में ट्रैक और फील्ड के इवेंट आयोजित होंगे। 100 मीटर दौड़, 10,000 मीटर दौड़, हर्डल रेस, स्टीपल चेज, हाई जंप, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप, पोल वॉल्ट और शॉटपुट, डिस्कस, हैमर व जेवलिन थ्रो में खिलाड़ी भाग लेंगे।
इसके अलावा हेप्टाथलॉन और डेकाथलॉन इवेंट्स का भी आयोजन होगा। प्रतियोगिता को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए लगभग 40 तकनीकी अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि इस चैंपियनशिप में 16 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। 18 वर्ष के खिलाड़ी केवल दो ट्रैक इवेंट में भाग ले सकते हैं।
एथलीटों को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 22 से 25 मई तक रांची झारखंड में होने वाली 29वीं नेशनल फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राजकुमार मिटान ने बताया कि हरियाणा राज्य से बाहर के खिलाड़ियों को भाग लेने के लिए एएफआई से विशेष अनुमति लेना अनिवार्य होगा।