बहादुरगढ़। दिल्ली के टिकरी कलां गांव निवासी विजय प्रताप सिंह के चार वर्षीय बेटे आयुष सोनी की मौत के बाद शहर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम में हुई देरी पर परिजनों ने नाराजगी जताई है। मासूम की मौत के कारणों का पता नहीं लग सका है।
शनिवार दोपहर तीन बजे तक जब शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ तो उन्होंने नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. विनय देशवाल से शिकायत की। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू हुई।
शाम के समय शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आयुष की शुक्रवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता विजय प्रताप ने बताया कि उनका बेटा पहले से बीमार था और वे उसे शुक्रवार रात को ही अस्पताल लेकर आए थे।
उन्होंने बताया कि वे रात में ही बच्चे का शव लेकर घर जाना चाहते थे लेकिन डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कराने की बात कहकर शनिवार सुबह 9 बजे तक शव सौंपने का आश्वासन दिया। वे सुबह ही अस्पताल पहुंच गए थे।
परिजनों का आरोप है कि दोपहर करीब 3 बजे तक भी पोस्टमार्टम नहीं किया गया। आयुष परिवार में चौथे नंबर का था। इससे बड़ी दो बहन, एक भाई और एक छोटी बहन है।
वर्जन
जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया तुरंत पुलिस को सूचना दे दी गई थी और प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम करा दिया गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
-डॉ. विनय देशवाल, एसएमाओ, नागरिक अस्पताल, बहादुरगढ़।