बस स्टैंड परिसर में बिना मास्क लगाए पहुंचे यात्री। संवाद
- फोटो : Jind
जिले में कोरोना संक्रमण की वजह से हालात बिगड़ते जा रहा हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग को 276 लोगों की रिपोर्ट मिली, जिसमें से 37 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमण की यह दर 13.40 प्रतिशत है, जोकि बहुत अधिक है। संक्रमितों में अर्बन इस्टेट के 22 लोग शामिल हैं। इनमें भी एक ही परिवार के पांच लोग हैं। इसके अलावा डिफेंस कॉलोनी के तीन, कृष्णा कॉलोनी के चार लोग शामिल हैं। नरवाना के बाद अब संक्रमण की रफ्तार जींद में बढ़ रही है। अप्रैल महीने के पांच दिन में अब तक 342 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
आरटीपीसीआर लैब प्रभारी डॉ. जेके मान ने बताया कि सोमवार को उन्होंने 276 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट जारी की है। इनमें से 37 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कम लोगों की रिपोर्ट में इतने अधिक संक्रमित मिलना चिंताजनक है। लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा, नहीं तो हालात और भी बिगड़ जाएंगे। जिले में अब तक 6213 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 5638 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना की वजह से अब तक जिले में 89 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय जिले में 486 संक्रमित हैं। जिले में कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है, जिसकी वजह से मामले बढ़ते जा रहे हैं। लोग न तो मास्क लगाते हैं और न ही शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हैं। बस स्टैंड, बाजार, नागरिक अस्पताल के अलावा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ लगातार देखी जा रही है। इसी लापरवाही के कारण संक्रमण की दर बढ़ती जा रही है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 1012 लोगों के सैंपल लिए हैं। नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में इस समय 31 लोग दाखिल हैं। आइसोलेशन वार्ड में भी संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
अप्रैल के पांच दिन में मिले संक्रमित
दिनांक संक्रमण के मामले
एक अप्रैल 84
दो अप्रैल 42
तीन अप्रैल 89
चार अप्रैल 90
पांच अप्रैल 37
लोगों से बार-बार कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की अपील की जाती है। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। लोगों को जब तक खुद समझ में नहीं आएगा, संक्रमण बढ़ेगा। लोगों को मास्क जरूर लगाना चाहिए तथा कोरोना वैक्सीन लगवानी चाहिए।
डॉ. मनजीत सिंह, सिविल सर्जन, जींद।