सेवन स्टार पंचायतों को सरकार करेगी सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। सेवन स्टार विलेज परियोजना का लाभ लेने के लिए जिले की सभी पंचायतों को पंजीकरण करना होगा। योजना के तहत ग्राम पंचायतों को स्टार के आधार पर राशि मिलेगी। ग्राम पंचायतों को ऑनलाइन आवेदन के साथ-साथ 7 स्टार से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इसके लिए जिला स्तर पर हरियाणा ग्रामीण विकास संस्था मार्च में प्रशिक्षण करवाएगी। स्टार प्राप्त करने वाली पंचायतों को अप्रैल में प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जिले में 300 ग्राम पंचायतें हैं। वह 7 स्टार योजना में ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। प्रदेश सरकार और ग्राम पंचायत विभाग द्वारा पंचायतों के प्रदर्शन के आधार पर विकास कार्यों के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा।
अलग-अलग स्टार के लिए अलग है अनुदान राशि
छह स्टार मिलने पर ग्राम पंचायत को 20 लाख रुपये मिलेंगे। पांच स्टार रेंटिग वाले ग्राम पंचायतों को 15 लाख, चार स्टार रेटिंग वाले ग्राम पंचायतों को 10 लाख रुपये मिलेंगे। लिंगानुपात बराबर या अधिक होने पर ग्राम पंचायत को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। स्वच्छता मिशन अभियान अपनाने वाली ग्राम पंचायत को भी 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
7 स्टार का ब्योरा
1. गुलाबी स्टार: यह उन ग्राम पंचायतों को दिया जाएगा, जिन्होंनेे लिंगानुपात सुधार में अच्छा कार्य किया है। इसके लिए संबंधित पीएचसी के चिकित्सक अधिकारी से वर्ष 2014 से 2018 तक का प्रमाण पत्र देना होगा।
2. ग्रीन स्टार: यह पर्यावरण की सुरक्षा के लिए है। इसके लिए पटवारी, कृषि विकास अधिकारी और सरपंच द्वारा प्रमाण पत्र ऑनलाइन आवेदन में लगाना होगा।
3. सफेद स्टार: यह स्टार स्वच्छता के लिए है। सफेद स्टार स्वच्छ भारत मिशन के खंड अधिकारी का प्रमाण पत्र देना होगा। जांच टीम द्वारा दस्तावेज की जांच की जाएगी।
4. केसर स्टार : यह स्टार अपराध मुक्त गांव के लिए है। इसके लिए संबंधित पुलिस थाना प्रभारी द्वारा हस्ताक्षर किए हुए प्रमाण पत्र देना होगा।
5. आसमानी स्टार: यह स्टार उन पंचायतों को दिया जाएगा जिसमें कोई ड्राप आउट बच्चा नहीं हो। इसके लिए सरकारी विद्यालय के मुखिया द्वारा जारी प्रमाण पत्र आवेदन के साथ लगाना होगा।
6. गोल्डन स्टार : यह स्टार सुशासन के लिए है। ग्राम सचिव द्वारा प्रमाणित पत्र आवेदन के साथ लगाना होगा।
7. सिल्वर स्टार: गांवों में विकास में भागीदारी के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सरपंच द्वारा जारी किया गया प्रमाण पत्र आवेदन के साथ लगाना होगा।
योजना का लाभ लेने के लिए सरपंचों को स्वयं आवेदन करना होगा। पंचायतों को ऑनलाइन आवेदन के साथ-साथ सेवन स्टार से जुड़े प्रश्नों के जवाब भी देने होंगे। अप्रैल में विजेता पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। सेवन स्टार में स्थान प्राप्त करने वाली पंचायतों को विकास कार्यों के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा।
राजेश कौथ, डीडीपीओ जिला जींद।