साढ़े चार साल में चौथी बार सफीदों पहुंचे मुख्यमंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। वामन पुराण और केडीपी की पुस्तिका में वर्णित सफीदों के ऐतिहासिक सर्पदधि तीर्थ की भाजपा सरकार ने सुध ली है। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड सवा तीन करोड़ रुपये में इस तीर्थ पुनर्जीवित करेगा। सोमवार को इस ऐतिहासिक तीर्थ पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 50 करोड़ रुपये की ग्रांट सफीदों में होने वाली परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सीएम का सफीदो में यह पिछले साढ़े चार साल के कार्यकाल में चौथा दौरा था।
कॉलेज में आया था छात्राओं का नमस्ते लेने : सीएम
अस्थायी नर्सिंग कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि मैं तो सफीदों नर्सिंग कॉलेज में सिर्फ छात्राओं के नमस्ते लेने के लिए आया था। सीएम ने आईपी एजुकेशन सोसायटी के मुख्य सदस्य टीसी गर्ग की तारीफ करते हुए कहा कि यह जो पौधा सफीदों में लगाया गया है, इसमें टीसी गर्ग की मेहनत सराहनीय है। सीएम ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं पढ़ाई करने के साथ-साथ एक सेवाभाव के लिए आगे आना चाहती हैं। मेडिकल एजुकेशन में जो भी सेवाएं बाकी बची हैं, उन्हें पूरे प्रदेश में जल्द ही पूरा किया जाएगा।