बीडीपीओ पर सरपंच के साथ अभद्र व्यवहार का मामला : आज विधायक और कल एसडीएम करेंगे जांच
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव बागडू खुर्द के सरपंच सुंदर द्वारा बीडीपीओ पर लगाए गए अभद्र व्यवहार के आरोपों में आज विधायक जसबीर देशवाल ने सरपंचों एसोसिएशन को मिलने का समय दिया है। वहीं इसी मामले में जांच करने के लिए छह दिसंबर को एसडीएम मनदीप कुमार ने भी बीडीपीओ पूनम चंदा, सरपंच एसोसिएशन व शिकायतकर्ता सरपंच सुंदर को नोटिस भेजकर बुलाया है। सरपंच एसोसिएशन के हलका प्रधान अजीत पाल चट्ठा ने बताया कि सरपंच इस मामले में विधायक से मिलने गए थे, जिन्होंने उन्हें शादी में व्यस्त होने के कारण पांच दिसंबर को मिलने का समय दिया था। वहीं पीड़ित सरपंच सुंदर को भी एसडीएम द्वारा नोटिस जारी करके छह दिसंबर को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।
विदित रहे कि गांव बागडू खुर्द के सरपंच सुंदर ने बीडीपीओ पूनम चंदा पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए पुलिस में दी शिकायत में कहा था कि 29 नवंबर को गांव बागडू खुर्द में एक गली का निरीक्षण करने के लिए बीडीपीओ गई थी। इस दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी में गांव के सरपंच सुंदर को भी बैठा लिया और उसके साथ बदसलूकी की। सरपंच सुंदर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि बीडीपीओ ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। इस मामले को लेकर सरपंच 30 नवंबर को डीसी व एसपी से भी मिले थे, लेकिन उन्हें मामले की शिकायत एक दिसंबर को सफीदों थाने में दी। जिस पर पुलिस द्वारा सरपंचों को जांच का आश्वासन दिया था। इसके बाद अब कोई कार्रवाई नहीं होने पर बीडीपीओ के तबादले की मांग करते हुए वर्क सस्पेंड पर चले गए। इस मामले में अब एसडीएम ने दोनों पक्षों से बात करने के लिए छह दिसंबर को कार्यालय में बुलाया है।
सरपंच से नहीं किया अभद्र व्यवहार
बागडू खुर्द के सरपंच के खिलाफ सीएम विंडो में गली नहीं बनाने मामला सामने आया था इसी मामले को लेकर सरपंच सुंदर से बात हुई थी, लेकिन वह गांव में गली बनाने मना रहा था गली बनाने को लेकर सरपंच से कहा कि जल्द से जल्द गली बनवा दे, लेकिन सरपंच ने गली बनाने से साफ मना कर दिया और फिर कहासुनी हो गई। इसमें मैंने कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया।
पूनम चंदा, बीडीपीओ सफीदों।