प्रदेश जलाने वालों के सम्मुख सरकार ने टेके घुटने : सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। कुरुक्षेत्र के सांसद व लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के सुप्रीमो राजकुमार सैनी ने कहा कि देश को गरीबी व बेरोजगारी की तरफ धकेलने में सबसे बड़ा हाथ 55 साल सत्ता सुख भोगने वाली कांग्रेस पार्टी का है। ये बातें सैनी ने रविवार को सफीदों की पुरानी अनाज मंडी में आयोजित बाबा बंदा सिंह बहादुर जन्मोत्सव समारोह को संबोधित करते समय कहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के प्रदेश महासचिव वीरेंद्र स्वामी ने की।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बदौलत आज देश भूखे-नंगों के देशों की लाइन में खड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता भाजपा से साढ़े चार साल का हिसाब मांग रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि कांग्रेस पार्टी ने अपने 55 साल के राज में जनता के लिए क्या किया है। उन्होंने आरक्षण पर बोलते हुए कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने झूठे कागजात पेश करके एक समाज को आरक्षण दिलवाने का काम किया, जिससे देश की सर्वोच्च अदालत ने रद कर दिया। उसके बाद उस समाज के लोगों ने आरक्षण के नाम पर प्रदेश को जलाने का काम किया। महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया। आरक्षण के नाम पर हुई इन घटनाओं के दर्द को प्रदेश की जनता आज तक नहीं भूल पाई है। सैनी ने कहा कि एक वक्त था कि जब चौटाला ने राजकुमार सैनी को जेल मेें भेजने की कोशिश की थी, लेकिन वक्त ने अपना चक्कर चलाया तो आज ओमप्रकाश चौटाला ही जेल में हैं। सैनी ने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद बुजुर्गों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। मनरेगा के तहत किसान व मजदूर को जोड़ते हुए साल में 300 दिन काम दिया जाएगा, जिसकी दिहाड़ी आधी सरकार देगी और आधी वह किसान देगा, जिसके खेत में मजदूर काम करेगा। सरकार आने के बाद सभी को जातियों की जनसंख्या के हिसाब से सौ प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा, एक परिवार को एक नौकरी दी जाएगी व जनसंख्या नियंत्रण के लिए हम दो हमारे दो की नीति अपनाई जाएगी।