2.25 करोड़ से हाट गांव में लगेगा फीडर, स्वीकृति के लिए भेजी कार्य योजना: कटारिया
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। हाट गांव में दक्षिण हरियाणा बिजली निगम ने अलग फीडर स्थापिन करने का निर्णय लिया है। इस पर 2.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके बाद हाट गांव में 24 घंटे बिजली सप्लाई की जाएगी। जिला राजस्व अधिकारी रामफल कटारिया ने कहा कि हाट गांव को विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत सफीदों के विधायक ने गोद लिया हुआ है। जिला राजस्व अधिकारी शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में हाट तथा बरसोला गांव के विकास के लिए तैयार की गई विलेज डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की समीक्षा कर रहे थे।
जिला राजस्व अधिकारी रामफल कटारिया ने विद्युत प्रसारण निगम द्वारा विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत किए गए कार्यो की समीक्षा भी की। बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता ने बताया कि हाट गांव में 54 लाख रुपये की लागत से नंगे तारों की जगह केबल लगाई गई है। हाट गांव में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा 30 लाख रुपये की लागत से डीप ट्यूबवेल लगाया गया है। यहां लोगों को पर्याप्त पीने का पानी उपलब्ध करवाने के लिए पेयजल की पाइप लाइनों को बदलने की कार्य योजना तैयार की गई है। पाइप लाइन बिछाने पर 27 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इससे गांव के ऊंचाई वाले भाग पर पीने का पानी मुहैया करवाया जाएगा। हाट गांव में 51 विकास परियोजनाओं के लिए वीडीपी में जगह दी गई है। इसमें विकास परियोजनाओं पर 85 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है, जबकि 15 लाख रुपये की राशि के एस्टीमेट भेजे जा चुके हैं। इस दौरान बरसोला गांव में करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। यहां स्वयं सहायता समूह बनाने, पेयजल के समुचित प्रयोग करने जैसे कार्यों की समीक्षा की गई। बरसोला गांव को जींद के विधायक हरिचंद मिढ़ा द्वारा गोद लिया गया है। यहां जलघर की मुरम्मत के काम पर एक करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। पीने का पूरा पानी उपलब्ध करवाने के लिए दो बूस्टिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। एक सेलों ट्यूबवेल लगाया जाएगा। पाइप लाइन बदलकर जलापूर्ति को सुनिश्चित किया जाएगा। बरसोला गांव में कुल 162 कार्य गांव विकास परियोजना में शामिल किए गए हैं। जिनमें से 28 विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। यहां पचास लाख रुपये की राशि के एस्टीमेट तैयार कर सरकार के पास स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं।