रेल वार्डन एसोसिएशन ने सांसद दुष्यंत चौटाला को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। रेल वार्डन एसोसिएशन नरवाना के सदस्यों ने वीरवार को सांसद दुष्यंत चौटाला को रेलवे स्टेशन पर रेलों के ठहराव सहित कई समस्याओं से संबंधित मांग पत्र सौंपा। सांसद दुष्यंत चौटाला ने सभी मांगों को लोकसभा सत्र में रेल मंत्री के सम्मुख पेश कर दूर करने का आश्वासन दिया।
रेल वार्डन एसोसिएशन के जिला सचिव नंदलाल शर्मा, सदस्य दिनेश शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर कई सुविधाओं की कमी है। उन्होंने बताया कि नरवाना जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक, तीन व चार पर स्टेशन मास्टर कार्यालय से लगभग 700 मीटर की दूरी पर महिला शौचालय है जो कि बंद पड़े हैं। इससे महिला यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे क्वार्टर बिल्कुल खस्ता हालत में है।
जिला सचिव नंदलाल शर्मा ने बताया कि स्टीम इंजनों के लिए पानी स्टोर करने के लिए रेलवे क्वार्टरों में कुंए बनाए गए थे। अब स्टीम इंजन बंद हो चुके हैं और यह कुंए रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए खतरा बने हुए हैं। इन कुओं को बंद किया जाए और इनके बच्चों के लिए कुओं की जगह पर खेलने के लिए पार्क बनाया जाए। रेलवे स्टेशन पर चाय की केंटिन चालू करने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। मोटरसाईकिल, गाडी पार्किंग ठेके पर देने की मांग की।
नांदेड से अमृतसर एक्सप्रेस रेल ठहराव की मांग
ज्ञापन के माध्यम से नरवाना जक्शन पर कई रेलों को ठहराव करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि नरवाना स्टेशन से गुरुद्वारा धमतान साहिब नरवाना से मात्र 15 किलोमीटर की दूरी पर है और यहां से सिख संगत व नरवाना हलका से साध-संगत हजूर साहब नांदेड को दर्शनों के लिए और राधा स्वामी सत्संग ब्यास व अमृतसर दर्शनों के लिए जाती है। जिसके चलते नांदेड से अमृतसर एक्सप्रेस गाड़ी को पकड़ने के लिए 100 किलोमीटर रोहतक जाना पड़ता है। जिससे समय व पैसे कि अनावश्यक बर्बादी होती है। उन्होंने मांग की कि गाड़ी संख्या 12421 व 12422 अप व डाउन नंादेड़ से अमृतसर एक्सप्रेस गाड़ी व गाड़ी संख्या 12485 व 12486 अप व डाउन गंगानगर नांदेड़ गाड़ियों का ठहराव नरवाना जंक्शन पर किया जाए, ताकि लोगों को रेलवे की सुविधा मिल सके।