जींद। प्रदेश में चुनाव की आहट तेज हो चली है। इसकी तैयारियों में इनेलो नेताओं पार्टी को मजबूत करने के लिए हाईटेक तकनीक को अपनाया है। इसके तहत पार्टी के प्रदेश भर के जिला कार्यालयों में आधुनिक वीडियो कांफ्रेंस सिस्टम लगाए जाएंगे। इससे पार्टी नेतृत्व कम समय में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से जुड़ सकेंगे। जिले के पार्टी कार्यालय से इनेलो ने अपनी इस हाईटेक मुहिम का श्रीगणेश कर दिया है। एक माह के अंदर-अंदर पार्टी सभी जिला कार्यालयों को इस हाईटेक पद्धति से लैस कर देगी।
आगामी चुनावी वर्ष को देखते हुए इनेलो पार्टी को मजबूत करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। एक तरफ इनेलो द्वारा जहां प्रदेश में एसवाईएल मुद्दे पर जेल भरो आंदोलन चलाया जा रहा है, वहीं पार्टी ने अब कार्यकर्ताओं पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए हाईटेक पद्धति का सहारा लिया है।
कार्यकर्ता भी सीधे नेताओं के सामने रख सकेंगे अपनी समस्याएं
पार्टी के जिला कार्यालय पर वीडियो कांफ्रेंसिंग सिस्टम लगाने का इनेलो का मुख्य उद्देश्य पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के अलावा उनके साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनना भी है। पार्टी के जिला कार्यालय पर लगे इस वीडियो कांफ्रेंसिंग सिस्टम के माध्यम से कार्यकर्ता पार्टी के बड़े नेताओं के सामने कार्यालय में बैठकर सीधे अपनी समस्या रख सकेंगे। इनेलो की इस पहल से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ेगा।
आज हाईटैक पद्धति का दौर है, इसलिए इनेलो ने भी समय के साथ चलते हुए पार्टी को हाईटैक बनाने का निर्णय लिया है। कार्यक्रमों की व्यस्तताओं को देखते हुए पार्टी ने प्रदेश के प्रत्येक जिला कार्यालय पर वीडियो कांफ्रेंसिंग सिस्टम लगाने का निर्णय लिया है। आगामी एक माह के अंदर-अंदर सभी जिला कार्यालयों पर यह सिस्टम लग जाएंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक साथ प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों पर मौजूद कार्यकर्ताओं, पत्रकारों से सीधे संवाद हो सकेगा। इसके जरिए कार्यकर्ता भी सीधे अपनी समस्याएं रख सकेंगे। चुनाव में इस प्रणाली का पार्टी को काफी लाभ मिलेगा।
-दुष्यंत चौटाला, सांसद, हिसार लोकसभा।