अमर उजाला ब्यूरो
जींद। 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम आने के बाद अब कॉलेजों में दाखिला पाने के लिए विद्यार्थियों की परीक्षा शुरू हो जाएगी। इस बार मुकाबला काफी कड़ा है। जिले में करीब 12 हजार विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा पास की है जबकि जिले के सरकारी कॉलेजों में महज पांच हजार सीटें हैं। इसके चलते आधे से अधिक युवाओं को निजी कॉलेजों में ही दाखिला लेना पड़ेगा। इस बार भी आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसके लिए बुधवार को प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दाखिले के लिए कॉलेजों में भी खास इंतजाम किए गए हैं।
कॉलेज में दाखिले के लिए इस बार युवाओं को पूरी तरह से कंप्यूटर का सहारा लेना पड़ेगा। इसके लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने खास तैयारियां की हैं। सबसे ज्यादा विद्यार्थी जींद के राजकीय कॉलेज में आवेदन करते हैं। कॉलेज में कुल 36 विषयों में पढ़ाई होती है, जो सबसे अधिक है। ऐसे में बीए की 550 सीटों पर सबसे ज्यादा मारामारी रहने की संभावना है। हालांकि विद्यार्थियों द्वारा सरकारी कॉलेजों को ही वरीयता दी जा रही है, लेकिन यदि सरकारी कॉलेजों में दाखिला नहीं होता तो निजी कॉलेज भी ऑप्शन हैं।
ऐसे होगी प्रक्रिया
इस बार भी दाखिला पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया से होगा। इसके लिए उम्मीदवार को उच्चतर शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद पासवर्ड मोबाइल फोन पर आएगा। इसके बाद लॉगइन करके अपने बारे में सारी जानकारी भरनी होगी और फिर अपनी पसंद के कॉलेज भरने होंगे। इसके आधार पर ही दाखिला दिया जाएगा।
इस बार लगेंगी दो कट ऑफ लिस्ट
पहले कॉलेजों में दाखिले के लिए तीन कट ऑफ लिस्ट लगती रही हैं, लेकिन इस बार केवल दो कट ऑफ लिस्ट लगेंगी। इसके बाद मेरिट सूची बनाई जाएगी। इसमें प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेज की जांच कर पहली कट ऑफ एक जुलाई को लगेगी। इसके बाद दाखिला हो सकेगा। इसी प्रक्रिया के तहत दूसरी कट ऑफ लिस्ट लगेगी। किसी भी कॉलेज में दूसरी कट ऑफ लिस्ट के बाद भी खाली सीट बचती है तो इस पर मेरिट सूची के आधार पर एडमिशन हो सकेगा।
अलेवा कॉलेज में लगेंगी मेडिकल और नॉन मेडिकल की क्लास
इस बार अलेवा के राजकीय कॉलेज में मेडिकल और नॉन मेडिकल की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। यह कॉलेज पिछले साल यह कॉलेज शुरू हुआ था।
राजकीय कॉलेज में सीटों की संख्या
कोर्स सीटें
बीए 500
बीकॉम 280
बोीसीए 60
बीएससी मेडिकल 120
बीएससी नॉन मेडिकल 240
बीएससी कंप्यूटर साइंस 60
बीएससी बॉयोटेक 30
बीए इंग्लिश ऑनर्स 40
बीए ज्योग्राफी ऑनर्स 40
महिला कॉलेज जींद
बीए 400
बीकॉम 200
बीएससी नॉन मेडिकल 80
बीएससी मेडिकल 80
बीएससी कंप्यूटर साइंस 60
बीसीए 40
बीए इंग्लिश ऑनर्स 40
बीए ज्योग्राफी ऑनर्स 40
बीकॉम ऑनर्स 40
जिले के कॉलेजों में सीटों की स्थिति
नरवाना के केएम कॉलेज में बीए में 560 सीटें, बीएससी नॉन मेडिकल में 240, बीएससी मेडिकल 80 सीटें, बीकॉम में 160, बीबीए में 40, बीटीएम में 60 सीटें हैं। जुलाना के राजकीय कॉलेज में बीए में 240, बीकॉम में 80 व बीएससी में 80 सीटें हैं। सफीदों के राजकीय कॉलेज में बीए में 480, बीकॉम में160, बीएससी मेडिकल में 60, बीएससी नॉन मेडिकल में 60 सीटें हैं। सफीदों के कन्या कॉलेज में बीए में 320, और बीकॉम की 80 सीटें हैं।
22 तक होंगे आवेदन
बुधवार से ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू हो रही है। यह 22 जून तक चलेगी। इसके लिए कॉलेज नोटिस लगाकर जरूरी दस्तावेजों की जानकारी विद्यार्थियों को दी जा रही है। कॉलेज में हेल्प डेस्क लगाया जाएगा। विद्यार्थियों को कोई परेशानी नहीं होगी। पूरा शैड्यूल उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा तय किया गया है।
-शीला दहिया, प्राचार्य, राजकीय कॉलेज।