स्थानीय रामराये व गुलकनी के बीच मंगलवार रात साढ़े दस बजे कार और ट्रक की टक्कर में कार सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। तीनों युवक अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और सभी पढ़ाई कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार मोहम्मदखेड़ा निवासी 21 वर्षीय सचिन, कैथल के सिरटा निवासी 22 वर्षीय सुनील व भैणी अमीरपुर निवासी 19 वर्षीय सोनू की कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई थी। सुनील और सचिन कैथल के पाढला से दोस्त के भाई की शादी में शामिल होने के लिए जींद आए थे। इस दौरान दोनों ने साथ में आए अन्य दोस्तों को बारात में छोड़कर हिसार के गांव भैणी अमीरपुर के रहने वाले अपने दोस्त सोनू को लाने के लिए चले गए। जब तीनों बारात में लौट रहे थे तो रामराये और गुलकनी गांव के बीच उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई, जिसमें तीनों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सुनील आईटीआई का छात्र था तो सचिन जींद में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग ले रहा था। सोनू 11वीं कक्षा का छात्र था।
परिजनों के अनुसार सोनू ने सुनील और सचिन के साथ जाने से मना कर रहा था, लेकिन दोस्तों की जिद के आगे उसकी एक न चली और वह काल के गाल में समा गया। परिजनों का कहना है कि सोनू को दोस्तों ने कपड़े भी नहीं बदलने दिए थे। दोस्त उसे उन्हीं कपड़ों में ले गए जिन कपड़ों में वह घर पर था।
सचिन का फाइल फोटो- फोटो : Jind