जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भारत हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन चलाने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। उद्घाटन के पहले दिन ट्रेन में जींद से 270 यात्रियों ने यात्रा की। इनमें लगभग 200 स्कूली विद्यार्थी शामिल थे। ट्रेन रवाना होते समय रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाए। ट्रेन के संचालन की जिम्मेदारी जींद मुख्यालय में तैनात लोको पायलट राजेश कुमार और वरिष्ठ सहायक लोको पायलट गगनदीप सिंह को सौंपी गई थी। गगनदीप सिंह ने बताया कि उन्हें चेन्नई से आए विशेषज्ञों ने विशेष प्रशिक्षण दिया था।
सोनीपत से बिना यात्रियों के लौटी हाइड्रोजन ट्रेन
उद्घाटन यात्रा के बाद हाइड्रोजन ट्रेन सोनीपत से शाम को बिना यात्रियों के जींद लौटी। वापसी के दौरान कुछ यात्रियों के ट्रेन में चढ़ने पर उन्हें उतार दिया गया, क्योंकि अभी नियमित यात्री सेवा का शेड्यूल लागू नहीं हुआ है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ट्रेन का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा।