7 सफीदों 1 पकड़े गए पटाखों की खेप को दबाते हुए पुलिस थाना प्रभारी। स्रोत पुलिस विभाग
सफीदों। पुलिस की कार्रवाई में आठ स्थानों से बरामद किए गए 2615 किलोग्राम बम, पटाखे, रॉकेट और अन्य विस्फोटक सामग्री को नियमानुसार मिट्टी में दबाकर नष्ट कर दिया गया। थाना परिसर में यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में की गई। इसके लिए जेसीबी की सहायता से गड्ढा खुदवाया गया और विस्फोटक सामग्री को मिट्टी में दबाकर निस्तारित किया गया।
थाना शहर के प्रबंधक अफसर पीएसआई चंद्रपाल ने बताया कि विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत दर्ज आठ स्थानों से पुलिस ने यह सामग्री बरामद की थी। लंबे समय से यह सामग्री थाना के मालखाने में जमा थी। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसके निस्तारण की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में थाना परिसर में गड्ढा खुदवाया गया। इसके बाद करीब 2615 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री को उसमें डालकर मिट्टी से दबा दिया गया। मौके पर थाना शहर के प्रबंधक अफसर पीएसआई चंद्रपाल, मालखाना मोहर्रिर ईएचसी रोहताश सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार जब्त और अवैध विस्फोटक सामग्री का सुरक्षित निस्तारण आमजन की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है।