जींद। सदर थाना क्षेत्र के गांव बोहतवाला के एक मकान से 25 तोले सोने के जेवरात चोरी हो गए। चोरी का आरोप युवक की पत्नी, सास-ससुर और साले पर लगे हैं। पुलिस ने उसकी पत्नी नेहा, सास राजबाला, ससुर दलबीर साला सूरज के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बोहतवाला निवासी वीरेंद्र ने पुलिस को एफआईआर में बताया कि तीन-चार साल पहले उसकी शादी चंडीगढ़ की नेहा के साथ हुई थी। शादी के बाद से उसकी पत्नी और उसके ससुराल वाले उसे तंग करने लगे। उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने लगे। इस दौरान उन्होंने उसके खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस में भी कई शिकायतें दी लेकिन एक भी शिकायत को वह साबित नहीं कर पाए और चंडीगढ़ पुलिस ने उसे क्लीन चिट दे दी। आरोप लगाया कि एक फरवरी 2022 को उसकी पत्नी, सास-ससुर और साले ने घर से 24-25 तोला सोना के जेवर और अन्य चांदी के जेवर चुराकर ले गए। इसके बाद कई बार पंचायतें भी हुई। इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि जेवर उनके पास है और वह लेकर गए हैं। इसके बावजूद उन्होंने जेवर नहीं लौटाए।