02जेएनडी31: स्टेज कैरिज बस की जांच करते हुए विभाग के अधिकारी। स्रोत : कर्मचारी
जींद। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए स्टेज कैरिज बसों के खिलाफ शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 22 बसों की जांच की गई। इनमें से नियमों का उल्लंघन करने पर चार बसों के चालान किए और 54,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
अधिकारियों ने बसों में चालक और परिचालकों की वर्दी, किराया वसूली और अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि कुछ बसों में चालक-परिचालक बिना वर्दी के कार्य कर रहे थे। वहीं कुछ मामलों में प्रेशर हॉर्न का प्रयोग किया जा रहा था जो नियमों के विरुद्ध है।
बुजुर्गों से अधिक किराया लेने पर की कार्रवाई
बुजुर्ग यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक वसूली करने की शिकायतों पर भी कार्रवाई की गई। चेकिंग अभियान जींद से गुजरने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर चलाया गया। विभाग ने बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, अन्यथा भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
यात्रियों से भी अपील की है कि यदि उनसे अधिक किराया वसूला जाता है या किसी प्रकार की असुविधा होती है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।
-बलजीत सिंह, इंस्पेक्टर जिला परिवहन विभाग कार्यालय