हड़ताल में शामिल होने वाले चार रोडवेज कर्मचारी निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। एस्मा लगाए जाने के बावजूद पांच सितंबर को हड़ताल में शामिल होने व रोडवेज बस को रोकने के आरोपों में गिरफ्तार होने वाले जींद डिपो के चार कर्मचारियों को विभाग ने निलंबित कर दिया है। शुक्रवार को इनके निलंबन के आदेश जारी हो गए। गौरतलब है कि पांच सितंबर को रोडवेज की पांच यूनियनों द्वारा हड़ताल का आह्वान किया गया था। यहां जिस समय प्रशासन रोडवेज की बस चलवाने का प्रयास कर रहा था, कुछ कर्मचारियों ने जबरन बस को रोकना चाहा। इस पर डिपो प्रधान सज्जन कंडेला, संजय नैन, राजबीर व सुभाष को गिरफ्तार किया गया था। बाद में अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया। इस पर मुख्यालय से पत्र जारी हुआ कि इन कर्मचारियों को दोबारा सेवा में नहीं लिया जाए। इस पर चारों कर्मचारियों को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया।
एस्मा के दौरान हड़ताल करने तथा सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने के आरोप में विभाग ने जींद डिपो के सज्जन कंडेला, राजबीर, सुभाष व संजय नैन को सस्पैंड करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
आरएस पूनिया, महाप्रबंधक, जींद डिपो