अमर उजाला ब्यूरो
जींद। नियम 134ए के तहत मंगलवार को आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई। जींद ब्लॉक में 1609 सीटों पर पहले दिन मात्र एक ही आवेदन जमा हुआ। आवेदन के पहले दिन अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अभिभावकों के अनुसार उन्हें निजी स्कूलों के रिक्त सीटों का ब्योरा नहीं मिला। इससे फार्म भरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शिक्षा विभाग के अनुसार अभी तक जींद ब्लॉक में 97 निजी स्कूलों में से 59 स्कूलों ने ही सीटों का ब्योरा दिया है, जिन स्कूलों ने रिक्त सीटों का ब्योरा नहीं दिया। उन स्कूलों का रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है।
अभिभावकों ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी निजी स्कूल मनमानी कर रहे है, और शिक्षा विभाग भी निजी स्कूलों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। अभिभावकों का कहना है, कि शिक्षा विभाग की चेतावनी के बाद भी निजी स्कूल अपने स्कूलों का रिक्त सीटों का ब्योरा नहीं दे रहे। रिक्त सीटों की जानकारी के लिए शिक्षा विभाग व निजी स्कूलों के चक्कर काटने पड़ रहे है। नियम 134ए जानकारी पूरी नहीं मिल रही। इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले साल 1605 ने किए आवेदन
2017 में 134ए के तहत 1605 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 1300 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 520 बच्चे पास हुए थे। इसके आधार पर बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिया गया।
ये रहेगा शेड्यूल
20 मार्च तक सभी निजी स्कूलों को अपने स्कूल के नोटिस बोर्ड पर रिक्त सीट व शिक्षा विभाग को भेजनी जरूरी और 20 मार्च से 10 अप्रैल तक दाखिले के लिए आवेदन फार्म लिए जाएंगे। 12 अप्रैल को आवेदकों की लिस्ट लगाई जाएगी। 15 अप्रैल को परीक्षा ली जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए सभी आवेदक अपना आधार कार्ड साथ में लेकर जाए बगैर आधार कार्ड के परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। 18 अप्रैल को रिजल्ट घोषित किया जाएगा। 19 अप्रैल को जिलेभर में ब्लॉक स्तर पर पहली पहली मेरिट लिस्ट लगाई जाएंगी और पहली लिस्ट के मेरिट अनुसार 20 से 25 अप्रैल तक दाखिले होंगे। एक मई को दूसरी मेरिट लिस्ट लगाई जाएगी। दूसरी लिस्ट के मेरिट अनुसार दो से पांच मई तक दाखिले लिए जाएंगे।
फार्म जमा होते ही दिया जा रहा रोल नंबर
इस बार नियम 134ए के नियमों में बदलाव किया गया है। आवेदकों के फार्म को मौके पर ही जांच कर उन्हें रोल नंबर दिया जा रहा है। पिछले साल 2017 में काफी विद्यार्थी रोल नंबर ही मिलने पर परीक्षा से वंचित रह गए थे, जिससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था
फार्म भरने में हो रही परेशानी
शिक्षा विभाग कार्यालय में नियम 134ए के तहत फार्म भरने के लिए आए हुए थे, लेकिन निजी स्कूलों ने रिक्त सीटों का ब्योरा ही नहीं दिया। इससे फार्म भरने में काफी परेशानी हो रही है। शिक्षा विभाग के अधिकारी भी ये कह रहे है, उनके पास निजी स्कूलों के रिक्त सीटों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पूनम, अभिभावक।
निजी स्कूल कर रहे मनमानी
नियम 134ए के तहत अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निजी स्कूल मनमानी कर रहे है, अभी तक निजी स्कूलों ने रिक्त सीटों का ब्योरा नहीं दिया है, जिससे अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, शिक्षा
आशा गोयत, प्रधान शिक्षा सहयोग संगठन।
जींद ब्लॉक में 1609 सीटें
नियम 134ए के तहत जींद ब्लॉक में 97 निजी स्कूल है। इसमें 1609 सीटें है, आवेदन के पहले दिन एक आवेदन जमा हुआ है, साथ ही रोल नंबर भी दे दिया गया है। 59 स्कूलों ने रिक्त सीटों का ब्योरा दिया है, और जिन स्कूलों ने रिक्त सीटों को ब्योरा नहीं दिया उनकी रिपोर्ट विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अभिभावकों जिस स्कूल का रिक्त सीटों का ब्योरा लेना है, वही ऑनलाइन या फिर निजी स्कूलों के नोटिस बोर्ड पर देख सकते है।
परणिता मधोक, बीईओ जींद।