अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की 15 फरवरी को होने वाली बाइक रैली के लिए पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं को खास तौर पर प्रशिक्षित करेगा। इसके लिए ऐसी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें रैली में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं को यातायात नियमों के साथ-साथ अनुशासन का भी पाठ पढ़ाया जाएगा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर 50 कार्यकर्ताओं पर एक प्रभारी नजर रखेगा। इसको लेकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने जींद में कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। सभी क्षेत्रों में मोटरसाइकिल यात्रा की रिहर्सल भी की जाएगी, ताकि युवाओं में उत्साह का संचार किया जा सके।
इस दौरान सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक दल है। लोकसभा चुनाव का हरियाणा से बिगुल बजा रही भाजपा इस मोटरसाइकिल यात्रा को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल यात्रा में कार्यकर्त्ता विशेषकर युवा अनुशासित तरीके से रैली स्थल तक पहुंचे, इसके लिए प्रदेश भर में तीन दिन तक सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए रविवार से अलग-अलग क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। तीन दिन तक चलने वाले इन सम्मेलनों में जिसमें पदाधिकारियों को यातायात नियमों का पालन करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। रैली में कार्यकर्त्ता पूरे अनुशासन के साथ पहुंचे, मोटरसाइकिल पर पार्टी का झंडा लगाकर सुरक्षित तरीके से पहुंचे और स्वच्छ भारत के नारे को चरितार्थ करें, इस पर सम्मेलनों में निर्देश जारी किए जाएंगे। सुभाष बराला ने कहा कि प्रत्येक 50 मोटरसाइकिल के जत्थे पर एक प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। वहीं दूर-दराज क्षेत्र से जींद पहुंचने वाले मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्त्ताओं पर फूल वर्षा के लिए जगह-जगह पर ड्यूटियां लगाई जा रही हैं।
10जेएनडी12: कार्यकर्ताओं से बातचीत करते सुभाष बराला।