जींद। सीबीएसई की 12वीं कक्षा की भौतिक विज्ञान की परीक्षा शुक्रवार को जिले में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर 2,102 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में दी जबकि 15 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने बताया कि भौतिक विज्ञान का पेपर संतुलित और पाठ्यक्रम आधारित था। अधिकांश प्रश्न एनसीईआरटी आधारित थे और समय प्रबंधन के साथ पेपर को आसानी से पूर कर लिया। कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि न्यूमेरिकल प्रश्नों में थोड़ी सावधानी की आवश्यकता थी लेकिन कुल मिलाकर पेपर सामान्य स्तर का रहा।
परीक्षा सुबह दस बजे शुरू होकर दोपहर एक बजकर 30 मिनट तक चली। विद्यार्थियों को सुबह नौ बजकर 40 मिनट तक परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। केंद्रों के मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की पहचान पत्र और प्रवेश पत्र की गहन जांच की गई। जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन की ओर से परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए थे। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। इसके अलावा बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल सुविधा और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया गया।
विद्यार्थियों को केवल स्कूल यूनिफॉर्म और वैध स्कूल आईकार्ड में ही परीक्षा देने की अनुमति दी गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ दिखाई दी जो परीक्षा समाप्त होने तक अपने बच्चों का इंतजार करते रहे।
वर्जन
भौतिक विज्ञान का पेपर अच्छा था। अधिकतर प्रश्न पाठ्यक्रम से ही आए थे। न्यूमेरिकल भी समझ में आने वाले थे। मैंने समय पर पूरा पेपर हल कर लिया।
-छात्र अंशुल
-
मुझे भौतिक विज्ञान का पेपर थोड़ा मुश्किल लगा। कुछ प्रश्न घुमाकर पूछे गए थे जिनमें सोचने में समय लगा। हालांकि तैयारी अच्छी थी। फिर भी पेपर सामान्य से थोड़ा कठिन था।
-छात्रा नेहा
पेपर बिल्कुल वैसा ही आया जैसा हमने पढ़ा था। एनसीईआरटी आधारित प्रश्न थे और थ्योरी आसान रही। तैयारी करने वालों के लिए भौतिक विज्ञान का पेपर आसान था।
-छात्र रोहित