जींद। शहर की अनाज मंडी में व्यवस्थाओं की कमी के चलते किसानों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में लगातार गेहूं की आवक बढ़ रही है और उठान समय पर नहीं हो रहा। वीरवार तक जींद की अनाज मंडी में लगभग चार लाख से ज्यादा गेहूं के कट्टों का उठान नहीं हो पाया था। इसके कारण किसानों को मंडी में गेेहूं उतारने के लिए जगह नहीं मिल रही और ज्यादातर अनाज मंडी की सड़कों पर किसान उतारने को मजबूर हैं। मंडी में वीरवार को गेहूं की आवक लगभग 95 हजार क्विंटल हुई और ज्यादातर किसानों को मंडी में गेहूं उतारने के लिए जगह नहीं मिल रही थी। इसके अतिरिक्त कई दुकानों पर किसानों ने गेहूं तो उतारी लेकिन तोल का कार्य शुरू नहीं हो पाया। इसका कारण भी गेहूं के कट्टे रखने के लिए मंडी में जगह का नहीं होना है। मंडी में गेहूं उठान में होने वाली देरी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। एक तो किसानों को मंडी में गेहूं उतारने के लिए ठीक से जगह नहीं मिल रही और दूसरा मौसम में होने वाले बदलाव के कारण किसान को चिंता बनी हुई है कि कहीं बारिश के कारण मंडी में उसका गेहूं खराब नहीं हो जाए।
मंडी में किसानों के गेहूं डालने के लिए बनाए गए शेडों में रखा एजेंसियों का गेहूं
अनाज मंडी में किसानों की फसल खराब मौसम में खराब होने से बचाने के लिए बनाए गए शेडों का लाभ किसानों को नहीं मिल रहा है। मंडी के सभी शैडो के नीचे एजेंसियों द्वारा खरीदा गया गेहूं रखा गया है। किसानों द्वारा लाया जाने वाला गेहूं मंडी में बीच सड़क पर उतरवाया जा रहा है।
विधायक को आढ़तियों ने बताईं समस्या
विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने वीरवार को जींद अनाज मंडी का दौरा किया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। यहां किसानों व आढ़तियों ने बताया कि मंडी में बारदाना खत्म हो गया है और उठान भी थोड़ा धीमा है। इसके अलावा जिन किसानों की फसल को खरीदा जा चुका है। उनका भुगतान अभी नहीं हुआ है, जबकि 72 घंटे में भुगतान हो जाना चाहिए था। विधायक ने किसानों की समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए हैफेड डीएम तथा डीएफएससी से बात कर कहा कि जो किसानों को समस्याएं आ रही हैं। उनका तुरंत प्रभाव से समाधान किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने तोल के कांटों का भी जायजा लिया। विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि मंडी दौरे के दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत की तो उन्होंने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया। विधायक ने अधिकारियों से बातचीत कर किसानों को मंडी में कोई समस्या नहीं आने देने की बात की। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद को लेकर सरकार द्वारा पहले ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। किसानों को मंडियों में कोई परेशानी नहीं आए। इसके लिए नियमित तौर पर मंडियों का दौरा भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान को फसल बेचने के लिए कोई परेशानी मंडी में नहीं होनी चाहिए। जिन किसानों की पेमेंट रुकी हुई है। उसका तुरंत प्रभाव से भुगतान किया जाए।