अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
पांच साल पहले घोषित जींद के नए बस स्टैंड का काम अगले दो महीने में शुरू होने की उम्मीद है। करीब 12 एकड़ में बनने वाले नए बस स्टैंड में 18 बूथ होंगे। इसके अलावा रोडवेज वर्कशॉप, महाप्रबंधक ऑफिस के साथ-साथ 18-20 दुकानों के कॉम्पलेक्स का भी निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर हो चुका है और अगले एक से डेढ़ महीने में इसका वर्क अलाट कर काम शुरू कर दिया जाएगा।
जींद का नया बस स्टैंड शहर के मास्टर प्लान 2031 का हिस्सा है। इसकी घोषणा कांग्रेस सरकार के समय में हुई, लेकिन अब इस पर काम शुरू होने जा रहा है। पहले 40 एकड़ में बस स्टैंड और पार्किंग बनाने की योजना बनी थी, लेकिन बस स्टैंड की जमीन को घटाकर 12 एकड़ कर दिया गया। नया बस स्टैंड बनने के बाद शहर में लगने वाले जाम और वाहनों की भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।
ऐसे आई काम में तेजी
चार साल पहले प्रदेश में सरकार बदलने के बाद बस स्टैंड के काम में तेजी आई और प्रशासन ने दोबारा बस स्टैंड निर्माण की फाइल को प्रस्तुत किया तो सरकार ने इस पर कवायद शुरू की। अब सरकार ने नए बस स्टैंड बनाने को हरी झंडी दे दी है।
बाईपास के साथ होगा निर्माण
नए बस स्टैंड की परियोजना में बाईपास का नहीं बनना भी एक रोड़ा बना हुआ था। दरअसल पांडू पिंडारा गांव में जहां बस स्टैंड बनने जा रहा है, वहां से वाहनों के लोड को कम करने के लिए बाईपास का बनना जरूरी है, लेकिन यह नहीं बनने से बस स्टैंड का रास्ता नहीं खुल पा रहा था। अब बाईपास का काम भी इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।
शहर को मिलेगी राहत
फिलहाल रोडवेज की बसें शहर के बीचोंबीच चलती हैं। हिसार, बरवाला, कैथल, नरवाना व भिवानी जाने वाली बसें पूरे शहर से गुजरती हैं। नया बस स्टैंड बनने के बाद इन बसों को बाईपास से ही निकाला जाएगा, जिससे काफी राहत मिलेगी।
समय की होगी बचत
नया बस स्टैंड बनने के बाद बाईपास के रास्ते बसें और बस स्टैंड तक जाने वाले अन्य वाहन बाईपास से जाएंगे। शहर में बसों की इंट्री होने से जाम की समस्या से लोगों से निजात मिलेगी। इससे समय बचेगा।
नए बस स्टैंड के लिए कुल 32 करोड़ रुपये का एस्टिमेट बनाया गया है। इसकी राशि को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके बाद बस स्टैंड के निर्माण कार्य के लिए टेंडर हो गए हैं। आगे की प्रक्रिया में ठेकेदार सिक्योरिटी राशि जाम करवाएगा और इसके बाद उच्च स्तरीय कमेटी वर्क अलाट करेगी। इस प्रक्रिया में एक-डेढ महीना लग सकता है। इसके बाद यहां काम शुरू हो जाएगा। करीब दो साल में बस स्टैंड बन कर तैयार हो जाएगा। जींद को भव्य बस स्टैंड की सौगात मिलेगी।
नवनीत नैन, एक्सईएन पीडब्लयूडी बीएंडआर।