ढाई साल पहले हुआ टेंडर, अभी तक नहीं बिछाई गई पेयजल लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते सफीदों रोड स्थित एकता नगर कॉलोनी में पेयजल लाइन के टेंडर होने के अढ़ाई साल बाद भी यहां के लोगों को पेयजल मुहैया करवाने के लिए पेयजल की पाइप लाइन नहीं बिछाई गई। इस कॉलोनी में पेयजल की पाइप लाइन बिछाने के लिए 2015 में जन स्वास्थ्य विभाग ने टेंडर जारी किए थे। टेंडर जारी होने के बाद इस कॉलोनी में एक वर्ष तक पेयजल की पाइप लाइन बिछाई जानी थी, लेकिन इस टेंडर प्रक्रिया को लगभग अढ़ाई वर्ष का समय बीत चुका है। अब तक इस कॉलोनी की किसी एक गली में भी पाइप लाइन बिछाने का काम जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा नहीं किया गया।
जन स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही के चलते इस कॉलोनी के हजारों लोगों को पेयजल के लिए लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस कॉलोनी में पेयजल के लिए लोगों को दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। पेयजल लाइन नहीं बिछाने के कारण कॉलोनी में लोगों को घरों में मजबूरी के चलते नलकूप लगाने पड़ रहे हैं। एक नलकूप पर लगभग 20 हजार रुपये कॉलोनी वासियों को खर्च करने पड़ रहे हैं। कॉलोनी के जिन घरों में नलकूप नहीं हैं। वह दूसरे घरों के नलकूप पर निर्भर हैं। कॉलोनी में पेयजल की लाइन बिछाने की मांग को लेकर यहां के लोग दर्जनों बार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन हर बार कॉलोनी वासियों को जल्द पाइप लाइन बिछाने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है। कॉलोनीवासी अजय मलिक ने कहा कि उन्होंने सीएम विंडो में भी इसके बारे में शिकायत की है, लेकिन सीएम विंडो पर शिकायत देने के बाद भी जन स्वास्थ्य विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पाइप लाइन बिछाने की योजना पर चल रहा कार्य
एकता नगर कॉलोनी में पाइप लाइन बिछाने की योजना पर काम चल रहा है। जल्द ही इस काम को टेंडर में कितनी गलियां ली गई हैं और कहां से इस कॉलोनी में पानी उपलब्ध करवाया जाना है। इन सभी प्वाइंटों पर विभागीय काम जारी है। जल्द ही कॉलोनी के लोगों को पानी उपलब्ध करवाने के लिए अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
- दीपक, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग।