बोर्ड उखाड़ने पर लोगों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। भिवानी रोड बाईपास पर गुरु रविदास का बोर्ड उखाड़ने का मामला सामने आया है। इसको लेकर एससी समाज के लोगों ने विरोध जताया। लोगों ने बाईपास पर एक फोटो स्टूडियो संचालक संजय पर गुरु रविदास का बोर्ड उखाड़ने का आरोप लगाया। कुछ दिन पहले सांसद रमेश कौशिक ने भिवानी रोड बाईपास चौक का उद्घाटन किया था। डॉ. बीआर अंबेडकर समिति और एससी समाज के लोगों ने चौक पर धरना देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वार्ड 30 के पार्षद राममेहर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया भिवानी रोड बाईपास पर मौजूद फोटो स्टूडियो संचालक ने बोर्ड को उखाड़ दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया। डॉ. बीरआर अंबेडकर समिति के प्रधान डॉ. संजीव मेहरा ने बताया कि चौक का नामकरण के बाद फोटो स्टूडियो दुकानदार ने गुरु रविदास का बोर्ड उखाड़ दिया। इससे एससी समाज के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया है। वहीं रोहतक रोड चौकी इंचार्ज मुकेश रानी ने बताया कि शिकायत के आधार पर स्टूडियो संचालक संजय के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।