अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना (जींद)।
बस स्टैंड के पास दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर दुकान चलाने वाले दुकानदारों ने मंगलवार को शहर के बीचों बीच बनने वाले फोरलेन के विरोध में एसडीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले, दुकानदारों ने बस स्टैंड से लेकर एसडीएम कार्यालय तक प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने बताया कि फोरलेन शहर के बीचों बीच बनने से लगभग पांच हजार लोगों का रोजगार छिन जाएगा और उनके परिवारों के पालन पोषण का कोई साधन नहीं बचेगा।
दुकानदार प्रेमचंद, अशोक, सुनील कुमार, अनील, सतबीर, अशोक, जयभगवान ने कहा कि नरवाना में हजारों लोग शहर के इस रोड के किनारे दुकानदारी कर जीवन यापन कर रहे हैं। सरकार की ओर से दिल्ली-पटियाला हाईवे को फोरलेन बनाए जाने के फैसले से दुकानदारों के रोजगार पर खतरा मंडरा रहा है। दुकानदारों ने कहा कि वे पिछले 50 साल से यहां दुकान चलाकर अपने परिवारों का पालन पोषण कर रहे हैं। दुकानदारों ने एसडीएम से गुहार लगाई है कि शहर में बनने वाले इस फोरलेन को बाईपास निकालने के लिए विभाग के उच्च अधिकारियों व सीएम तक उनकी मांग को पहुंचाया जाए। एसडीएम डॉ. किरण सिंह ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग सरकार को भेेज दी जाएगी।
चलाया जाएगा हस्ताक्षर अभियान
दुकानदारों ने फैसला लिया है कि शहर में बनने वाले फोरलेन के विरोध और बाईपास बनाने की मांग को लेकर वह शहर में हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। अभियान में 10 हजार से अधिक लोगों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इसके बाद हाईवे पर दुकानदारी करने वाले लोग परिवहन मंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे।
फोरलेन के विरोध में दुकानदारों ने किया प्रदर्शन
कहा, फोरलेन बनने से पांच हजार लोगों का छिन जाएगा रोजगार