जुलाना। नारनौल से कुरुक्षेत्र तक बनने वाले नेशनल हाईवे 152-डी के भूमि अधिग्रहण मुआवजे की मांग को लेकर नौ गांवों के किसानों का धरना जींद रोहतक मार्ग पर किलाजफरगढ़ गांव के पास लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने में किलाजफरगढ़, बुढ़ा खेड़ा, अकालगढ़, लजवानां कलां, फतेहगढ़, लजवानां खुर्द, सिरसा खेड़ी, नंदगढ़, हथवाला गांवों के किसानों ने भाग लिया। धरने की अध्यक्षता अनिल कुमार ने की।
शुक्रवार को धरने का समर्थन करने के लिए जुलाना बाराहा खाप के प्रधान राजमल जेई दर्जनों लोगों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। राजमल जेई ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। कलेक्टर रेट नहीं देकर किसानों के साथ मजाक किया जा रहा है। किसान के लिए जमीन ही सब कुछ होती है। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया। किसानों की मांग है कि उन्हें दो करोड़ रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाना चाहिए। यदि इससे कम मुआवजा मिलेगा तो किसान रोड नहीं निकलने देंगे। इस मौके पर राजेंद्र, आजाद सिंह, अजीत, अमीर सिंह, समेर, राजकुमार, जोगिंद्र व दिलबाग भी मौजूद रहे।