मंडी में जगह न मिलने से नाराज किसान करेंगे आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। मांगों को लेकर मंगलवार को किसानों ने मार्केट कमेटी के सचिव पवन चोपड़ा को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा कि वह मांगों को लेकर सीएम को पहले ज्ञापन सौंप चुके हैं। यदि समय रहते किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह मजबूरन सब्जी मंडी में धरना देने देेंगे।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग में कहा कि आढ़तियों द्वारा अपनी दुकानों के बाहर शेड बनाए गए हैं। जिन्हें गेट लगाकर आगे किराये पर भी दिया गया है। आढ़ती खुद सड़क पर सामान रखकर बेचते हैं। इसलिए जल्द शेड उतरवाए जाएं। मंडी में सुबह छह से दस बजे तक दूसरे राज्यों से आने वाले ट्रकों का सामान आढ़ती उतरवाते हैं, जिससे सब्जी मंडी में उस समय ज्यादा भीड़ होती है। इसलिए बाहर से आया हुआ सामान ट्रकों से पीछे के गेट से उतरवाया जाए ताकि मंडी में भीड़ न हो। किसानों को उनकी सब्जियों के उचित दाम दिए जाएं। मीट बेचने वालों द्वारा जरूरत से ज्यादा जगह का इस्तेमाल किया जाता है, जिसके कारण किसानों को अपनी सब्जी रखने के लिए जगह नहीं मिलती। इसके चलते हर दिन झगड़े की आशंका बनी रहती है। आढ़ती माल पर आज भी पुराने ढर्रे पर खर्च, आढ़त व मार्केट फीस लगाकर बेच रहे हैं जो गैर कानूनी है।
किसानों ने कहा कि यदि अब भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस अवर पर महावीर, चांदीराम, सतबीर, रामबीर, राजकुमार व कृष्ण मौजूद रहे। मार्केट कमेटी के सचिव पवन चोपड़ा ने किसानों की मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।