6.66 करोड़ खर्च कर शहर में बिछाई जाएगी 40 किमी. सीवर लाइन : मिड्ढा
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। शहर की सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग छह करोड़ 66 लाख रुपये खर्च कर नई सीवर लाइन बिछाने का काम करेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। कुछ दिनों में इस पर काम शुरू हो जाएगा। यह जानकारी विधायक कृष्ण लाल मिड्ढा ने दी। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ इसे लेकर शनिवार को बैठक की.
मिड्ढा ने बताया कि सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने और इसका स्थायी समाधान करने के लिए शहर में लगभग 40 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही गंदे पानी की निकासी के लिए सीवर पाइप की क्षमता को भी बढ़ाया जाएगा। जब तक पाइप लाइन नहीं बिछाई जाती तब तक गंदा पानी निकालने के लिए अस्थायी प्रबंध जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा करवाए जा रहे हैं। इसके लिए विभाग द्वार सुपर सकर मशीन की मांग की गई है। यह मशीन गंदे पानी को सीवर में पड़े गाद को निकालने का काम करेगी। इस मशीन के साथ-साथ सीवर लाइनों को ठीक करने के लिए वक्ट और जेटिंग मशीनों की भी व्यवस्था करवाने की मांग की है।
डिस्पोजल पर पर लगवाई जा रही है नई मशीन
जनस्वास्थय विभाग जयंती देवी मंदिर, काठ मंडी के पास बने डिस्पोजल पर लगी पुरानी मोटरों के अतिरिक्त नई मोटर स्थापित कर रहा है। इस पर विभाग 46 लाख रुपये खर्च करेगा। यहां पर मोटर और पंपिंग सिस्टम के लिए नए उपकरण लगाए जाएंगे।