चंडीगढ़ में आंखों के ऑपरेशन के लिए वाहनों का इंतजार करते रहे बुजुर्ग
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
करीब दो महीने पहले कंडेला गांव में लगाए गए नेत्र जांच शिविर के बाद ऑपरेशन के लिए चंडीगढ़ जाने के लिए बुजुर्गों को वाहन तक नहीं मिला। हालांकि कार्यक्रम के दौरान घोषणा की गई थी कि बुजुर्गों को मुफ्त वाहन की सुविधा मिलेगी। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में मुख्यमंत्री के निजी सचिव राजेश गोयल ने शिरकत की थी। ऐसे में यह मामला अब तूल पकड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि 23 मार्च को शहीद भगत सिंह के शहादत दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान आयोजक संगठन युवा किसान एकता मंच द्वारा घोषणा की गई थी। बुजुर्गों का आरोप है ऑपरेशन के लिए जब रविवार को उन्हें चंडीगढ़ जाना था तो वे वाहन का इंतजार करते रहे। कंडेला गांव के भी कुछ लोग वाहन नहीं आने के चलते ऑपरेशन के लिए भी नहीं जा सके। कंडेला गांव निवासी 60 वर्षीय सरजो देवी ने बताया कि उन्हें वाहन नहीं मुहैया करवाया गया। इसके चलते गांव के ही काफी लोग ऑपरेशन के लिए नहीं जा सके।
---
हां कैंप के दौरान लोगों को मुफ्त में ले जाने के लिए कहा गया था। इसकी व्यवस्था भी की गई है। कुछ लोग टीम के साथ नहीं पहुंच पाए, उन्हें चंडीगढ़ आने के लिए बोला गया है। वे लोग बिना बात का मुद्दा बना रहे हैं। संस्था ने मुफ्त वाहन मुहैया करवाया है। कुल 20 लोगों का पंजीकरण हुआ था, इनमें से दस लोगों का ऑपरेशन भी हुआ है।
अरविंद मलिक, प्रधान युवा किसान एकता मंच