सतबीर धीमान
नरवाना। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने 18 दिसंबर को नरवाना दौरे के दौरान हलके में मार्केटिंग बोर्ड के माध्यम से सात नई सड़कों के निर्माण की घोषणा की थी। इसकी सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही इन सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हलके के लोगों की मांग पर 18 दिसंबर को नरवाना में कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने 12 करोड़ रुपयों की लागत से 34 किलोमीटर की नई सड़क बनाने की घोषणा की थी। सिंसर गांव से ढाकल गांव तक पांच किलोमीटर नई सड़क बनाई जाएगी। जिस पर एक करोड़ 75 लाख रुपये खर्च होंगे। दबलैन से फरैण कलां तक तीन किलोमीटर की सड़क के निर्माण पर लगभग एक करोड़ की राशि, भिखेवाला गांव से दबलैन तक छह किलोमीटर की सड़क पर दो करोड़, गुरुसर से बेलरखा गांव तक पौने चार किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस पर सवा करोड़ रुपये खर्च होंगे। धरोदी से नरवाना रेलवे लाइन के साथ-साथ वाया इस्माइलपुर राजा गोहर को पक्का किया जाएगा। इस साढ़े चार किलोमीटर की सड़क पर एक करोड़ 43 लाख रुपये खर्च होंगे। ढाकल से सुदकैन खुर्द गांव तक बनने वाली चार किलोमीटर की सड़क पर दो करोड़ 84 लाख रुपये खर्च होंगे। ढाकल से सुदकैन कलां गांव तक पौने आठ किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा जिस पर एक करोड़ 34 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह सभी सड़क 12 फुट चौड़ी बनाई जाएंगी। इसके अलावा 25 किलोमीटर की तीन सड़कें 12 फीट से 18 फीट चौड़ी की जाएगी। जिस पर चार करोड़ 70 लाख रुपये खर्च होंगे। जाजनवाला से सैंथली साढे़ पांच किलोमीटर, धरोदी से सच्चाखेड़ा वाया फरैणकलां 11 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। धरोदी गांव के बीचों बीच ब्लॉक लगाए जाएंगे और उझाना से ढुंढवा आठ किलोमीटर सड़क की स्पेशल रिपेयर की जाएगी। दोनों गांव के बीच आठ किलोमीटर की दूरी है।
सभी सड़कों पर जल्द शुरू होंगे कार्य
सभी सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे। इससे कई गांव के लोगों को नए रास्ते उपलब्ध होंगे। धरोदी गांव में घुसते ही सड़क शुरू करके सुलतान तक पानी से बचाने के लिए ब्लाक लगाकर पक्की की जाएगी। -देवेंद्र जांगड़ा, एसडीओ मार्केटिंग बोर्ड
हलके के लोगों को मिलेंगी सात नई सड़कें
सीएम की घोषणा पर कार्य होगा शुरू, 12 करोड़ होंगे खर्च, पांच करोड़ से तीन सड़कें होंगी 18 फीट चौड़ी